संत गाडगे महाराज के चित्र पर पुष्प अर्पित करते शिक्षक,धूमधाम से मनाई जयंती
संत गाडगे महाराज के चित्र पर पुष्प अर्पित करते शिक्षक,धूमधाम से मनाई जयंती
संत गाडगे महाराज की धूमधाम से मनाई जयंती
फोटो परिचय- संत गाडगे महाराज के चित्र पर पुष्प अर्पित करते शिक्षक। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ खागा, फतेहपुर। प्रेमनगर कस्बा स्थित संत गाडगे कान्वेंट स्कूल परिसर में स्वच्छता के जनक संत गाडगे महाराज की 150 वीं जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। विद्यालय के विद्यार्थियों ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधक एवं मानव क्रांति पार्टी के संस्थापक चौधरी आर्यन मानव ने संत गाडगे महाराज एवं डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। संचालन प्रधानाध्यापक सत्यवान चौधरी ने किया। अध्यक्षता करते हुए चौधरी आर्यन मानव ने संत गाडगे महाराज के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उनका जन्म वर्ष 1876 में महाराष्ट्र के अमरावती जनपद के दरियापुर तहसील अंतर्गत शेरगांव में हुआ था। उनका बचपन का नाम देबू था। पिता का नाम झींगराजी और माता का नाम सखुबाई था। वर्ष 1905 में उन्होंने समाज सेवा के लिए गृह त्याग कर दिया और जीवन भर शिक्षा, स्वच्छता और सामाजिक सुधार के लिए कार्य किया। उन्होंने बताया कि संत गाडगे महाराज ने अपने जीवनकाल में लगभग 65 संस्थाओं की स्थापना करवाई, जिनमें पाठशालाएं, धर्मशालाएं, गौशालाएं और अनाथालय शामिल हैं। वे शिक्षा को जीवन का आधार मानते थे और कहा करते थे कि घर की थाली बेच दो, पर बच्चों को शिक्षा से वंचित मत रखो। संत गाडगे महाराज अंधविश्वास और पाखंड के विरोधी थे तथा भजन-कीर्तन के माध्यम से सामाजिक कुरीतियों पर प्रहार करते थे। वे अपने साथ झाड़ू और मिट्टी के बर्तन का टुकड़ा रखते थे, जिसे महाराष्ट्र में गडगा कहा जाता है। इसी कारण उन्हें गाडगे बाबा के नाम से जाना गया। जहां भी जाते, स्वयं झाड़ू लगाकर सफाई करते थे, इसलिए उन्हें स्वच्छता का जनक कहा जाता है। चौधरी आर्यन मानव ने विद्यार्थियों के अनुशासन और प्रस्तुति की सराहना करते हुए उन्हें महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। कार्यक्रम में रमेश चंद साहू, पंकज चौधरी, ओमप्रकाश श्रीवास्तव, नजमा बेगम, दिनेश राजपूत, नीलम सिंह, चित्रक्षी राजपूत, गीता देवी, सुरेश सिंह, नेहा यादव, नूर सबा, रोहित द्विवेदी, संदीप अग्रहरि, नैन्सी अग्रहरि, राजेश साहू, सुनील पटेल एडवोकेट, राजेश तिवारी ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे और संत गाडगे महाराज के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।