खनन माफियाओं के हौसले बुलंद, प्रतिबंधित मशीनों से खेतों तक पहुंचा अवैध खनन का खेल दीपक धुरिया जालौन अजरा न्यूज जालौन- जनपद में अवैध खनन का कारोबार लगातार बेलगाम होता नजर आ रहा है। पहले नदियों का सीना छलनी करने वाले खनन माफिया अब किसानों की उपजाऊ जमीनों पर भी कहर बनकर टूट पड़े हैं। आरोप है कि खनन माफिया संतोष राजपूत द्वारा प्रतिबंधित हैवी मशीनों के जरिए खनन क्षेत्र की सीमाओं से बाहर निकलकर किसानों की भूमि पर अवैध खनन कराया जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि दिन-रात चल रही मशीनों की गर्जना से इलाके का माहौल प्रभावित हो रहा है, वहीं खेतों की उपजाऊ मिट्टी तेजी से खत्म की जा रही है। इससे किसानों में भारी आक्रोश व्याप्त है। लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार विभाग कार्रवाई करने से बचता नजर आ रहा है।
प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जीरो टॉलरेंस नीति के बावजूद खनन माफियाओं के बढ़ते हौसले प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर रहे हैं। ग्रामीणों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।