प्रधानों को प्रशासक बनाए जाने के निर्णय का स्वागत, लघु खबरों के साथ
प्रधानों को प्रशासक बनाए जाने के निर्णय का स्वागत, लघु खबरों के साथ
प्रधानों को प्रशासक बनाए जाने के निर्णय का स्वागत
– सरकार को भेजा गया समर्थन प्रस्ताव एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। मलवां विकास खंड सभागार में शनिवार को क्षेत्र के ग्राम प्रधानों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश सरकार द्वारा ग्राम पंचायतों में प्रधानों को प्रशासक बनाए जाने के निर्णय का सर्वसम्मति से स्वागत करते हुए इसे ग्रामीण विकास और पंचायत व्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया गया।
बैठक में उपस्थित ग्राम प्रधानों एवं प्रधान प्रतिनिधियों ने कहा कि शासन का यह निर्णय ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों की निरंतरता बनाए रखने के साथ-साथ स्थानीय प्रशासनिक व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने में सहायक सिद्ध होगा। सभी ने एक स्वर में इस निर्णय के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया। बैठक में पारित समर्थन प्रस्ताव को जहानाबाद विधायक राजेंद्र सिंह पटेल, बिंदकी विधायक जयकुमार जैकी तथा मलवां ब्लॉक प्रमुख शशि रमनजीत सिंह के माध्यम से प्रदेश सरकार तक भेजे जाने का निर्णय लिया गया। वक्ताओं ने कहा कि ग्राम पंचायतें ग्रामीण विकास की आधारशिला हैं और प्रधानों को प्रशासकीय जिम्मेदारी मिलने से जनहित के कार्यों को गति मिलेगी। उन्होंने सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए इसी प्रकार के जनहितकारी निर्णय आगे भी लिए जाने की अपेक्षा जताई। बैठक में शाहजहांपुर ग्राम प्रधान प्रेमशंकर, साई ग्राम प्रधान सुरेंद्र सिंह, रेवाड़ी ग्राम प्रधान रवि मिश्रा, मौहार ग्राम प्रधान नरेंद्र सिंह, शिवराजपुर प्रधान प्रतिनिधि सूर्यपाल यादव, पूर्व प्रधान राकेश कुमार गुप्ता, प्रधान प्रतिनिधि आनंद सविता सहित बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान एवं प्रधान प्रतिनिधि मौजूद रहे। ————————————— – नाबालिग के अपहरण मामले में आरोपी गिरफ्तार – अपहृता को पहले ही सकुशल बरामद कर चुकी थी पुलिस एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खागा पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। थाना खागा पुलिस ने नाबालिग के अपहरण के मामले में प्रकाश में आए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार थाना खागा में दर्ज मुकदमा संख्या 169/26 धारा 137(2) बीएनएस से संबंधित मामले की विवेचना के दौरान आरोपी की पहचान इरशाद अली पुत्र मुख्तार अहमद निवासी पक्का तालाब, कस्बा एवं थाना खागा के रूप में हुई। पुलिस ने शनिवार को उसे गिरफ्तार कर लिया। विवेचना के दौरान मामले में धारा 87 बीएनएस की भी बढ़ोतरी की गई है।
गौरतलब है कि इसी मामले में अपहृत नाबालिग को थाना खागा पुलिस ने 29 मई को सकुशल बरामद कर लिया था। इसके बाद पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। आखिरकार शनिवार को पुलिस ने उसे दबोचकर न्यायालय में पेश कर दिया। इस गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक जयप्रकाश सिंह, कांस्टेबल बन्टी, कांस्टेबल बृजेश कुमार एवं रिजर्व कांस्टेबल राहुल यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाया जा रहा अभियान लगातार प्रभावी साबित हो रहा है, जिससे अपराधियों में हड़कंप और आमजन में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है। —————————————– अपहृता सकुशल बरामद, आरोपी को दबोचा – कोतवाली पुलिस की त्वरित कार्रवाई, न्यायालय भेजा अभियुक्त एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराधियों एवं वांछित अभियुक्तों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। थाना कोतवाली पुलिस ने नाबालिग अपहृता को सकुशल बरामद करते हुए मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार थाना कोतवाली में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 221/2026, धारा 137(2)/87 बीएनएस के तहत की जा रही विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने नाबालिग अपहृता को सुरक्षित बरामद कर लिया। साथ ही मामले में वांछित अभियुक्त रेहान पुत्र सैकू निवासी अलादातपुर थाना कोतवाली को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूर्ण करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक हेमंत कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक योगेंद्र प्रताप सिंह, कांस्टेबल मंगल सिंह, कांस्टेबल अभिषेक यादव एवं महिला कांस्टेबल अंकिता कुमारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। ————————————– – सामूहिक दुष्कर्म के तीन दोषियों को 10-10 वर्ष की सजा एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। सामूहिक दुष्कर्म के एक चर्चित मामले में न्यायालय ने तीन दोषी अभियुक्तों को 10-10 वर्ष के कठोर कारावास एवं प्रत्येक पर 18 हजार रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई है। पुलिस की वैज्ञानिक विवेचना, साक्ष्यों के सटीक संकलन और प्रभावी पैरवी के चलते अभियुक्तों को यह सजा दिलाई जा सकी।
जानकारी के अनुसार थाना बकेवर में वर्ष 2019 में वादिनी की तहरीर पर मु.अ.सं. 255/2019 धारा 323, 376डी, 504 एवं 506 भादवि के तहत रामसजीवन, रावेंद्र पुत्रगण चौतू निवासी देवमई, रामनरेश पुत्र स्व. राजाराम निवासी अवखेरी खेड़ा, थाना बकेवर के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना पूर्ण होने के बाद आरोप पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के निर्देश तथा पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में संचालित ऑपरेशन कन्विक्शन के अंतर्गत इस मामले की लगातार मॉनिटरिंग की गई। स्थानीय पुलिस, मॉनिटरिंग सेल और अभियोजन पक्ष द्वारा न्यायालय में प्रभावी पैरवी की गई। शनिवार को एएसजे/एफटीसी-01 फतेहपुर न्यायालय ने मामले की सुनवाई पूरी करते हुए तीनों अभियुक्तों को दोषी करार दिया। न्यायालय ने उन्हें सामूहिक दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में दोषसिद्ध पाते हुए 10-10 वर्ष के कठोर कारावास तथा प्रत्येक पर 18000 के अर्थदंड की सजा सुनाई। इस सफलता में मॉनिटरिंग सेल प्रभारी निरीक्षक श्रवण कुमार सिंह, उपनिरीक्षक अश्विनी वर्मा, कांस्टेबल रोहित राजावत, जितेंद्र सिंह, विवेक कुमार, विवेचक उपनिरीक्षक बृजेश कुमार सिंह, पैरोकार कांस्टेबल अनुज यादव, कोर्ट मुहर्रिर विशाल सिंह तथा एपीओ महेंद्र सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत चिन्हित गंभीर अपराधों में दोषियों को त्वरित एवं प्रभावी सजा दिलाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि अपराधियों में कानून का भय बना रहे और पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिल सके। ————————————- – छह माह से नहीं बदला ट्रांसफॉर्मर, विभाग मौन एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ खागा, फतेहपुर। विद्युत विभाग के कार्यशालियों पर लगातार प्रश्न चिन्ह उठाते नजर आ रहे हैं। विभाग के अधिकारी कर्मचारी केवल ड्यूटी करके अपनी खानापूरी करते हैं।
बता दें कि विद्युत उपकेंद्र खागा के बादलवापुर गांव में छह महीने से अधिक समय बीत जाने के बाद भी जले हुए ट्रांसफार्मर के मरम्मत नहीं कराई गई। ग्रामीणों की लगातार शिकायत के बाद विद्युत विभाग के अधिकारी कर्मचारी पर कोई असर नहीं हुआ। पावर हाउस केंद्र अंतर्गत बदलवापुर गांव का है जहां पर छह महीने से अधिक समय बीत जाने के बाद भी ट्रांसफार्मर जलने की शिकायत ऑनलाइन कंप्लेंट की गई है परंतु अधिकारियों को कोई फर्क नहीं पड़ा है जिससे कि भीषण गर्मी में लगभग 20 घरों का गुजर बसर हो रहा है तो वहीं 45 डिग्री सेल्सियस तापमान में पेयजल का संकट भी गहरा गया है। लोगों को रात भर हाथ पंखा चलाकर रत जगा कर रात गुजार रहे हैं। एसडीओ दीपक सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने पर त्वरित स्टीमेट भेजकर ट्रांसफॉर्मर लगाया जाएगा। ————————————- – सर्पदंश से युवक की मौत एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। मलवां थाना क्षेत्र के ग्राम सेनीपुर मंे शनिवार की दोपहर घर में बैठे 19 वर्षीय युवक को जहरीले सर्प ने डस लिया। जिसे उपचार के लिए सदर अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार सेनीपुर गांव निवासी संतोष पटेल की पुत्र हर्ष पटेल शनिवार की दोपहर अपने घर पर बैठा था। तभी जहरीले सर्प ने उसे डस लिया। इसकी जानकारी जब परिजनो को हुयी तो उसे तत्काल इलाज के लिए सरकारी एम्बुलेंस द्वारा सदर अस्पताल लाया गया। जहां इमरजेन्सी में तैनात चिकित्सक ने युवक को मृत घोषित कर दिया। ————————————- मृतका के परिजनों ने ससुरालीजनों पर लगाया हत्या का आरोप एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। गाजीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम करसवां में संदिग्ध परिस्थितियों में 27 वर्षीय निशा देवी पत्नी गुड्डू पाल की मौत के बाद मृतका के परिजनों ने ससुरालीजनों पर महिला से अवैध को लेकर फांसी पर लटकाने का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस पूंछतांछ हेतु पति को हिरासत में ले लिया है।
बतातें चले कि करसवां गांव निवासी गुड्डू की पत्नी निशा देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। जहां पोस्टमार्टम हाउस में मृतका के ससुर रामशिरोमन का कहना है कि आंधी तूफान के दौरान छप्पर ढहने से आई चोटों के कारण बहू की मौत हो गयी। वहीं विच्छेदन गृह में मौजूद मृतका के भाई राजा पाल निवासी दलीपुर कौण्डर थाना असोथर ने बताया कि उसकी बहन की ससुरालीजनो ने हत्या करने के बाद शव को फांसी पर लटका दिया था। उसकी बहन के शरीर में डंडे मारने के निशान हैं। कारण पूंछने पर भाई ने बताया कि गांव की ही किसी महिला के साथ उसके जीजा के अवैध सम्बन्ध है। जिसका विरोध उसकी बहन करती थी। इसी बात को लेकर ससुराली जनों ने बहन की हत्या कर दी। मृतका के भाई ने बताया कि उसने तहरीर में पति ससुर देवर पंकज व सास ज्ञानमति के खिलाफ हत्या का आरोप लगाया है। ———————————— – अलग-अलग सड़क हादसों में पांच घायल एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। जनपद के अलग-अलग थाना क्षेत्रो के अर्न्तगत हुये सड़क हादसो के दौरान दो महिलाओं समेत पांच लोग घायल हो गये। जिन्हे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार कानपुर देहात थान मंगलपुर गांव जगदीशपुर निवासी विनोद की 22 वर्षीय पत्नी गुड़िया अपने पति विनोद पुत्र भूरा 25 साथ बाइक से हथगाम थाना क्षेत्र के अर्न्तगत रिश्तेदारी में आ रहे थे। जैसे ही यह लोग थाने के घूरी गांव के पास पहुंचे तभी हुसैनगंज थाना क्षेत्र के बेला गांव निवासी मंगल का 22 वर्षीय पुत्र कुलदीप की बाइक से भिडन्त हो गयी। जिससे तीनो घायल हो गये। इसी प्रकार हुसैनगंज कस्बा निवासी अशोक कुमार की 18 वर्षीय पुत्री प्रीती अपने भाई भोला के साथ बाइक से जमरांवा जा रही थी। बताया जा रहा है कि जीजा राजकुमार यहां उसे लडके वाले देखने आ रहे थे। तभी जमरावां के पास चार पहिया वाहन ने बाइक में टक्कर मार दिया। जिससे प्रीती घायल हो गयी। इसी तरह हथगाम थाना क्षेत्र के चक मुस्ताफापुर गांव निवासी बलराज सिंह का 22 वर्षीय पुत्र राजकुमार बाइक से कहीं जा रहा था। तभी पैगम्बरपुर के पास अनियंत्रित होकर बाइक गिर जाने से घायल हो गया। सूचना पाकर मौके में पहुची सरकारी एम्बुलेंस ने घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया।