आंधी तूफान से किसान का भारी नुकसान, तीन कमरे गिरे, गेहूं भी हुआ बर्बाद

  आंधी तूफान से किसान का भारी नुकसान, तीन कमरे गिरे, गेहूं भी हुआ बर्बाद

दीपक धुरिया जालौन अजरा न्यूज कालपी (जालौन)। बीती रात आए तेज आंधी-तूफान ने कालपी तहसील क्षेत्र के इमलिया बुजुर्ग गांव में भारी तबाही मचाई। गांव निवासी कामता पुत्र मानसिंह पाल को इस प्राकृतिक आपदा में लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा। तेज आंधी और बारिश के चलते उनके पक्के बने तीन कमरे भरभराकर गिर गए, जिससे परिवार दहशत में आ गया।

इतना ही नहीं, खेत से लाकर रखा गया गेहूं भी बारिश और मलबे की चपेट में आकर पूरी तरह खराब हो गया। वहीं घर के पास खड़ी मोटरसाइकिल भी दीवार गिरने से उसके नीचे दबकर क्षतिग्रस्त हो गई। मेहनत से तैयार की गई फसल और संपत्ति के नष्ट हो जाने से किसान परिवार गहरे सदमे में है।

आंधी तूफान का असर पास में स्थित देवस्थान पर भी देखने को मिला, जहां की दीवारें और छत क्षतिग्रस्त होकर गिर गईं। ग्रामीणों के अनुसार इस आपदा में करीब पांच लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।

घटना के बाद किसान कामता पाल और उनका परिवार बेहद चिंतित नजर आया। चेहरे पर मायूसी और भविष्य की चिंता साफ दिखाई दे रही थी। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित किसान को आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की है, ताकि वह दोबारा अपने परिवार को संभाल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *