पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा का पहला दिन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न, 5,118 अभ्यर्थी हुए शामिल
पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा का पहला दिन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न, 5,118 अभ्यर्थी हुए शामिल
पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा का पहला दिन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न, 5,118 अभ्यर्थी हुए शामिल
दीपक धुरिया जालौन अजरा न्यूज–जालौन। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा-2025 का प्रथम दिवस रविवार को जनपद में नकलविहीन, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सकुशल संपन्न हुआ। परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए तथा प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त टीमें लगातार निगरानी करती रहीं।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों एवं ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित परीक्षा संचालन के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अभ्यर्थियों की सघन तलाशी, सीसीटीवी निगरानी, बायोमेट्रिक सत्यापन एवं अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में परीक्षा 8, 9 एवं 10 जून 2026 को प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जा रही है। इसके लिए जिले में कुल नौ परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। तीन दिनों की छह पालियों में कुल 19,584 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे, जबकि प्रत्येक पाली में 3,264 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है।
प्रथम दिवस की पहली पाली में 3,264 अभ्यर्थियों में से 2,556 अभ्यर्थी उपस्थित रहे तथा 708 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। वहीं दूसरी पाली में 2,562 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 702 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार दोनों पालियों में कुल 6,528 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 5,118 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए और 1,410 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकलविहीन बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक एवं संचार उपकरणों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। उन्होंने बताया कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए प्रशासन एवं पुलिस की टीमें लगातार सतर्कता बरत रही हैं।