गौतम बुद्ध की प्रतिमा क्षतिग्रस्त मिलने से नाराजगी, जांच में जुटी पुलिस

   बदनपुरा में गौतम बुद्ध की प्रतिमा क्षतिग्रस्त मिलने से नाराजगी, जांच में जुटी पुलिस

दीपक धुरिया जालौन अजरा न्यूज जालौन, संवाददाता। गोहान थाना क्षेत्र के बदनपुरा गांव में स्थापित भगवान गौतम बुद्ध की प्रतिमा क्षतिग्रस्त मिलने से ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई। सोमवार सुबह जब ग्रामीणों ने प्रतिमा को क्षतिग्रस्त अवस्था में देखा तो इसकी सूचना पुलिस और प्रशासन को दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे।

सूचना पर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

घटना को लेकर विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने दोषियों की शीघ्र पहचान कर कार्रवाई किए जाने तथा प्रतिमा की मरम्मत एवं पुनर्स्थापना की मांग की है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार फिलहाल किसी व्यक्ति या समूह की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। गांव में फिलहाल शांति व्यवस्था कायम है तथा पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *