जिले में विटामिन-ए सम्पूरण अभियान का शुभारम्भ, मिलेगी सुरक्षा की खुराक
जिले में विटामिन-ए सम्पूरण अभियान का शुभारम्भ, मिलेगी सुरक्षा की खुराक
जिले में विटामिन-ए सम्पूरण अभियान का शुभारम्भ – 3.08 लाख बच्चों को मिलेगी सुरक्षा की खुराक एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। जनपद में बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाने के उद्देश्य से विटामिन-ए सम्पूरण अभियान का शुभारम्भ मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. यूबी सिंह ने अरबन प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र विनोबा नगर में फीता काटकर किया। कार्यक्रम में जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. सुरेश कुमार, अर्बन नोडल अधिकारी, प्रभारी चिकित्साधिकारी विनोबा नगर, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. यूबी सिंह ने बताया कि 9 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को विटामिन-ए की खुराक दिए जाने से उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है तथा वे विभिन्न बीमारियों से सुरक्षित रहते हुए स्वस्थ एवं पोषित जीवन जी सकते हैं। उन्होंने बताया कि शासन द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के तहत बच्चों को आयु वर्ग के अनुसार विटामिन-ए की नौ खुराकें दी जाती हैं। उन्होंने बताया कि 9 से 12 माह के बच्चों को नियमित टीकाकरण सत्र के दौरान एमआर के प्रथम टीके के साथ एक लाख अंतर्राष्ट्रीय यूनिट विटामिन-ए (1 एमएल) की खुराक दी जाएगी। वहीं 16 से 24 माह के बच्चों को एमआर के दूसरे टीके के साथ 2 लाख अंतर्राष्ट्रीय यूनिट (2 एमएल) की खुराक प्रदान की जाएगी। इसके अलावा 2 से 5 वर्ष तक के बच्चों को प्रत्येक छह माह के अंतराल पर विटामिन-ए सम्पूरण कार्यक्रम के तहत 2 लाख अंतरराष्ट्रीय यूनिट (2 एमएल) की खुराक दी जाएगी। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. सुरेश कुमार ने अभियान के संचालन संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए बताया कि प्रत्येक सत्र स्थल पर कम से कम तीन विटामिन-ए की बोतलें उपलब्ध रहनी चाहिए। प्रत्येक बोतल खोलते समय उस पर तिथि अंकित की जाएगी तथा एक बोतल समाप्त होने के बाद ही दूसरी बोतल खोली जाएगी। उन्होंने कहा कि खुराक पिलाने से पूर्व बोतल की एक्सपायरी तिथि की जांच अनिवार्य रूप से की जाएगी तथा निर्धारित माप के अनुसार एएनएम द्वारा डिस्पोजेबल चम्मच से बच्चों को खुराक दी जाएगी। उन्होंने बताया कि बच्चों को विटामिन-ए की खुराक पिलाने के बाद एमसीपी कार्ड, यू-विन और ई-कवच पोर्टल पर प्रविष्टि भी सुनिश्चित की जाएगी। अभियान को सफल बनाने के लिए आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को ड्यू लिस्ट के अनुसार पात्र बच्चों को सत्र स्थलों तक लाने तथा भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं। डॉ. सुरेश कुमार ने बताया कि अभियान के तहत 9 से 12 माह तक के 35,150 बच्चों, 1 से 2 वर्ष तक के 67,035 बच्चों तथा 2 से 5 वर्ष तक के 2,06,535 बच्चों को विटामिन-ए की खुराक देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस प्रकार जनपद में कुल 3,08,720 बच्चों को इस अभियान से लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को निर्धारित सत्रों में अवश्य लेकर आएं और विटामिन-ए की खुराक दिलाकर उन्हें स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य प्रदान करें। —————————————– – छह दिन बीते, फुंका ट्रांसफार्मर मांग रहा विभागीय करंट – एसडीओ का आदेश भी हवा हवाई, नहीं बदला जा सका ट्रांसफार्मर एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ खागा, फतेहपुर। बिजली विभाग के अधिकारी कर्मचारी इस भीषण गर्मी में उपभोक्ताओं को निर्बाध आपूर्ति नहीं उपलब्ध करा पा रहे हैं। बिजली विभाग के एसडीओ के आदेश के बावजूद छह दिन बाद भी 63 केवीए क्षमता का फुंका ट्रांसफार्मर बदला नहीं जा सका। जिससे महिलाएं, बच्चों व बुजुर्गों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नगर से सटे हरदो गांव में 63 केवीए क्षमता वाले ट्रांसफार्मर में करीब 200 परिवारों को आपूर्ति पहुंचाई जाती है। अधिक भार व गर्मी के कारण छह दिन पूर्व ट्रांसफार्मर फुंक गया। उपभोक्ताओं ने उच्चाधिकारियों से शिकायत की। विवेक त्रिवेदी, पुत्तू सिंह, अनूप सविता, मनोज सिंह सचिन सिंह, लकी सिंह आदि ग्रामीणों ने बताया कि ट्रांसफार्मर बदले जाने में अधिकारी लापरवाही बरत रहे हैं। एसडीओ दीपक कुमार सिंह ने कहा कि वह अपने स्तर से काम कर चुके हैं। वहीं अवर अभियंता का फोन रिसीव नहीं हुआ। उपभोक्ताओं ने कहा कि आखिर किस कारणवश ट्रांसफार्मर नहीं बदला जा सका। विभागीय स्तर से जब काम किया गया उसके बावजूद लोगों को निर्बाध आपूर्ति नहीं मिल रही। ————————————– असोथर ब्लाक अध्यक्ष निष्कासित एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह गौतम ने विज्ञप्ति जारी कर बताया कि असोथर कस्बा निवासी सोनू सिंह गौतम को अनुशासनहीनता व संगठन विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के कारण असोथर ब्लाक अध्यक्ष व संगठन की सदस्यता से निष्कासित किया जाता है। उन्होने कहा कि संगठन में अनुशासनहीनता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होने संगठन के सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं का आहवान किया कि संगठन विरोधी गतिविधियों में शामिल न हों। क्षेत्र के किसानों की समस्याओं को लेकर संघर्ष करें। —————————————– अधेड़ समेत महिला ने लगाई फांसी एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। जनपद के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के अर्न्तगत अधेड़ सहित महिला ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। जानकारी के अनुसार मलवां थाना क्षेत्र के ग्राम बरमतपुर गांव निवासी भिखारी का लाल का 48 वर्षीय पुत्र राजेश कुमार ने घरेलू कलह के चलते घर में उस वक्त फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली जब घर के सभी लोग गहरी नींद सो रहे थे। इसी प्रकार ललौली थाना क्षेत्र के सिधांव गांव निवासी रमाकान्त की 26 वर्षीय पत्नी शिवदेवी ने पति से कहासुनी के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पाकर मौके में पहुंची पुलिस ने दोनो शवों को अपने कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। —————————————– — अचानक अचेत हुए अधेड़ की मौत एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। थरियांव थाना क्षेत्र के ग्राम बिलन्दा नहर के समीप साइकिल से अपनी पत्नी से को लेकर जा रहे 55 वर्षीय अधेड़ अचानक होकर गिर पड़ा। अचेतावस्था में उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लाया गया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के सुखपुर गांव निवासी बाजी लाल का पुत्र राधेश्याम अपनी पत्नी को साइकिल में बैठाकर रिश्तेदारी में जा रहा था। जब वह बिलन्दा नहर के समीप पहुंचा तभी अचानक अचेत होकर गिर पडा। तभी आसपास के लोगो ने तत्काल सरकारी एम्बुलेंस बुलाकर अधेड़ उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजा। जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। —————————————- बाइकों की भिड़ंत में चार घायल एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। गाजीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम लच्छीरामपुर के समीप बुधवार की दोपहर बाइकों की भिड़ंत में सगे भाईयों समेत चार लोग घायल हो गये। जिन्हे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार असोथर कस्बा निवासी स्व0 देवनरायन तिवारी का 39 वर्षीय पुत्र राजकिशोर तिवारी अपने छोटे भाई भुनेश्वर तिवारी 36 वर्ष व गांव के दिनेश तिवारी पुत्र कुन्दन तिवारी 40 के साथ एक ही बाइक में सवार होकर शहर आ रहे थे। जैसे ही यह लोग गाजीपुर थाने के लच्छीरामपुर गांव के पास पहुंचे तभी कानपुर नगर के थाना घाटमपुर निवासी रजोल का 27 वर्षीय पुत्र छोटू कुमार बाइक से आ रहा था, तभी भिड़ंत हो गयी। जिससे चारो गंभीर रूप से घायल हो गये। सूचना पाकर मौके में पहुंची सरकारी एम्बुलेंस ने घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। ————————————— गाली गलौज का विरोध करने पर पिता-पुत्र ने वृद्ध को पीटा एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। असोथर थाना क्षेत्र के ग्राम सांतो धरमपुर में मंगलवार की देर शाम शौचक्रिया करने जा रहे वृद्ध से गाली गलौज करते हुए पिता पुत्र ने लाठी डंडा व धारदार हथियार मारकर घायल कर दिया जिसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार सांतो धरमपुर गांव निवासी स्व0 सीताराम का पुत्र विजय करन मंगलवार की शाम शौचक्रिया करने जा रहा था। तभी के ही शिवसिंह अपने पुत्र शनि सिंह के साथ वृद्ध को गाली गलौज करने के लगे विरोध करने पर पिता पुत्र ने वृद्ध को लाठी डंडा व धारदार हथियार मारकर घायल कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद दोनो मौके से फरार हो गये। वहीं परिजन घायल को लेकर थाने पहुंचे जहां पुलिस ने उन्हे इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। इलाज करा रहे भजीता सुरेश सिंह ने आरोप लगाते हुये बताया कि पुरानी रंजिश को लेकर उसके चाचा के ऊपर जानलेवा हमला किया है। यही नहीं उसने बताया कि पुत्र धमका रहे है कि अगर सुलह समझौता नहीं किया तो जान से मार देंगे।