शेल्टर होम की बदहाल व्यवस्था पर अधिवक्ता ने उठाए सवाल
शेल्टर होम की बदहाल व्यवस्था पर अधिवक्ता ने उठाए सवाल
शेल्टर होम की बदहाल व्यवस्था पर अधिवक्ता ने उठाए सवाल
– नगर पालिका अध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। नगर क्षेत्र स्थित आश्रय गृह (शेल्टर होम) मुराईन टोला की अव्यवस्थाओं को लेकर अधिवक्ता एवं पूर्व सभासद दीपक सिंह ने नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष को पत्र भेजकर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने शेल्टर होम में रह रही वृद्ध एवं निराश्रित महिलाओं की समस्याओं को गंभीर बताते हुए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की अपील की है।
अधिवक्ता व पूर्व सभासद दीपक सिंह ने अपने पत्र में बताया कि दस जून की रात उन्हें शादीपुर चौराहे पर एक करीब 75 वर्षीय वृद्ध महिला अकेली बैठी मिली। पूछताछ करने पर महिला ने बताया कि वह इलाज के लिए आई थीं, लेकिन देर होने के कारण गांव वापस जाने का कोई साधन नहीं मिल सका। इसके बाद दीपक सिंह उन्हें सरकारी आश्रय गृह में ठहराने के उद्देश्य से मुराईन टोला स्थित शेल्टर होम लेकर पहुंचे। उन्होंने बताया कि काफी देर तक आवाज देने के बाद भी मुख्य द्वार नहीं खुला। बाद में शेल्टर होम के केयरटेकर अनुज यादव को फोन करने पर उन्होंने पहुंचकर गेट खोला। जब महिला कक्ष का दरवाजा खोला गया तो वहां का दृश्य बेहद चिंताजनक था। कमरे में मौजूद अधिकांश वृद्ध महिलाएं उमस और गर्मी से परेशान थीं तथा पसीने से लथपथ दिखाई दे रही थीं। दीपक सिंह के अनुसार महिलाओं ने बताया कि कमरे की खिड़कियां खोलने पर बड़ी संख्या में मच्छर आ जाते हैं, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ जाती है। निरीक्षण के दौरान शेल्टर होम में कई बुनियादी सुविधाओं का अभाव सामने आया। उन्होंने नगर पालिका प्रशासन से खिड़कियों पर मच्छररोधी जाली लगाने, कूलर एवं एग्जॉस्ट फैन की व्यवस्था करने, शुद्ध एवं ठंडे पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने, नियमित फॉगिंग एवं विशेष सफाई अभियान चलाने तथा मुख्य द्वार पर घंटी (बेल) लगवाने की मांग की है। अधिवक्ता ने अपने पत्र में कहा है कि आश्रय गृह में रहने वाले निराश्रित, वृद्ध एवं जरूरतमंद लोगों की सुविधा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए इन समस्याओं का शीघ्र समाधान कराया जाना आवश्यक है। उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष से जनहित में तत्काल कार्रवाई करने का आग्रह किया। ————————————- अलग-अलग स्थानों पर बालिका समेत चार को सांप ने काटा एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के अंतर्गत बालिका समेत चार लोगों को जहरीले सांप ने डस लिया। जिससे सभी की हालत बिगड़ गई। परिजनों ने सभी को इलाज के लिए एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां दो की हालत चिंताजनक देखते हुए चिकित्सक ने रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार थरियांव थाना क्षेत्र के सुधवां गांव निवासी विनोद लोधी की आठ वर्षीय पुत्री रिया अपने परिजनों के साथ शनिवार की सुबह गांव के समीप स्थित खेत गई थी। तभी उसको जहरीले सांप ने काट लिया। सांप काटने की बात उसने अपने परिजनों को बताई तो तुरंत परिजनो ने फोन कर घटना की सूचना सरकारी एंबुलेंस को दिया। बालिका को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। इसी तरह थाना क्षेत्र के नवाबगंज गांव निवासी प्रदीप कुमार की 35 वर्षीय पत्नी सीमा देवी अपने घर की सफाई कर रही थी। तभी वहां छिपे हुए ज़हरीले साँप ने उसको काट लिया। महिला को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने महिला की हालत की गम्भीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद अल्लीपुर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। इसी तरह असोथर थाना क्षेत्र के रिठवां गांव निवासी स्व. जागेश्वर का 35 वर्षीय पुत्र राम लखन गांव के समीप स्थित अपने खेतों में काम कर रहा था। तभी वहां उसको जहरीले साँप ने काट लिया। परिजनों ने उसको अपने प्राइवेट वाहन से इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। परिजन उसको शहर के किसी प्राइवेट हॉस्पिटल इलाज कराने लेकर चले गए। वहीं थरियांव थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर कला गांव निवासी शिया राम की 35 वर्षीय पत्नी रीता देवी आज सुबह अपने घर मे खाना बना रही थी। तभी वहां छिपे हुए ज़हरीले साँप ने उसको काट लिया। ंएबुलेंस ने रीता देवी को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर भर्ती कर उसका इलाज कर रहे है। —————————————- एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ वाहन की टक्कर से ई-रिक्शा चालक व महिला घायल
फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के नगर पालिका परिषद के सामने चार पहिया वाहन ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दिया। जिससे रिक्शा चालक व सवार महिला घायल हो गई। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार हथगांम थाना क्षेत्र के हरीरामपुर गांव निवासी जगदीश के 25 वर्षीय पुत्र विनोद कुमार ने एक दिन पूर्व नया ई-रिक्शा खरीदा और रिक्शा लेकर सदर कोतवाली क्षेत्र के अस्ती गांव अपनी ससुराल पहुंचा। वहां से आज सवारी की तलाश में निकला तभी कोतवाली क्षेत्र के सदर नगर पालिका के सामने चार पहिया वाहन ने उसके ई-रिक्शे को जोरदार टक्कर मार दिया। जिससे रिक्शा चालक विनोद कुमार व रिक्शे पर कोतवाली क्षेत्र के मसवानी मोहल्ला निवासी सुरेश चंद्र की 50 वर्षीय पत्नी माया देवी दोनों घायल हो गए। घायल अवस्था में दोनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर भर्ती कर उनका इलाज कर रहे हैं। ————————————– युवक ने खाया जहरीला पदार्थ, हालत गंभीर एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। मलवां थाना क्षेत्र के बुधईयापुर गांव में परिजनों की डांट से क्षुब्ध होकर युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जीवनलीला समाप्त करने का प्रयास किया। परिजन अपने प्राइवेट वाहन से इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के बुधईयापुर गांव निवासी राजू के 23 वर्षीय पुत्र राम को परिजनों ने किसी बात को लेकर डांट दिया। परिजनों की डांट से क्षुब्ध होकर उसने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। कुछ समय पश्चात जब उसकी हालत बिगड़ने लगी तो परिजनों को जानकारी हुई तो घर मे हड़कम्प मच गया। तुरंत परिजनो ने उसको इलाज के लिए अपने प्राइवेट वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने युवक की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया तो वहीं साथ आए परिजन उसको शहर के किसी प्राइवेट हॉस्पिटल इलाज कराने लेकर चले गए। —————————————- – आम तोड़ते समय पेड़ से गिरकर किशोरी घायल एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। असोथर थाना क्षेत्र के कटरा गांव के समीप स्थित अपने आम के पेड़ पर चढ़कर आम तोड़ते समय किशोरी नीचे गिरकर घायल हो गई। परिजनों ने उसको इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के कटरा गांव निवासी संतोष कुमार की 13 वर्षीय पुत्री मोनी देवी गांव के समीप स्थित अपने आम के पेड़ पर चढ़कर आम तोड़ रही थी। तभी उसका पेड़ की डाल पर से पैर फिसल गया और वह पेड़ से नीचे गिर घायल हों गई। हादसे की जानकारी उसके परिजनों को हुई तो तुरन्त अपने प्राइवेट वाहन से उसको इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर किशोरी का इलाज कर रहे हैं। —————————————– – बाइक का टायर फटने से महिला गिरकर घायल
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। जिले के खागा कोतवाली क्षेत्र के नेशनल हाईवे-2 पर महिचा मंदिर के समीप चलती बाइक का अचानक टायर फट गया। जिससे बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। बाइक पर सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार किशनपुर थाना क्षेत्र की गढ़ा गांव निवासी घनश्याम का 20 वर्षीय पुत्र शैलेंद्र कुमार अपनी 22 वर्षीय बहन किरन देवी पत्नी हरिश्चंद्र खखरेरू थाना क्षेत्र के चन्दनमऊ गांव निवासी को बाइक पर सवार कर घर से किसी काम के लिए शहर आ रहा था। जब उसकी बाइक खागा कोतवाली क्षेत्र के नेशनल हाईवे-2 पर महिचा मंदिर के समीप पहुंची तभी चलती बाइक का अचानक पिछला टायर फट गया और बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। जिससे बाइक पर सवार किरन देवी गंभीर रूप से घायल हो गई। फोन कर घटना की सूचना सरकारी एंबुलेंस को दी गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची एम्बुलेन्स ने घायल अवस्था में उसको इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने महिला की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद सरकारी एंबुलेंस से कानपुर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। ————————————— — किसान पर मधुमक्खियों ने किया हमला, महिला सहित दो घायल एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। राधानगर थाना क्षेत्र के अन्दौली गांव के समीप स्थित खेत में काम करने गए किसान पर मधु मक्खियों के झुंड ने हमला बोल दिया। जिससे महिला सहित दो लोग घायल हो गए ग्रामीणों ने किसी तरह आग जलाकर मधुमक्खियों के चंगुल से मुक्त करा उनको इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के अन्दौली गांव निवासी स्व. भोला का 65 वर्षीय पुत्र रामस्वरूप और राम शरन की 50 वर्षीय पत्नी सुमित्रा देवी गांव के समीप स्थित अपने खेत में मूँग की फली तोड़ने गई थी। तभी मधुमक्खियों के झुंड ने हमला बोल दिया। जिसकी जानकारी उसकी ग्रामीणों को हुई तो आग जलाकर मधुमक्खियों को भगा कर हादसे की जानकारी रामस्वरूप के पुत्र सन्तोष को दिया। जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचे पुत्र ने फोन कर घटना की सूचना सरकारी एम्बुलेन्स को दिया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचीं एम्बुलेन्स के ईएमटी दिनेश कुमार व पायलेट सुमित ने घायल अवस्था में दोनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर भर्ती कर उनका इलाज कर रहे हैं। अस्पताल में घायलो का इलाज करवा रहे पुत्र सन्तोष ने घटना की जानकारी दिया। ————————————- वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के भवानीपुर गांव के समीप तेज रफ्तार अज्ञात वाहन बाइक सवार को टक्कर मारते हुए निकल गया। जिससे बाइक सवार की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के डीघ गांव निवासी नरेंद्र सिंह उर्फ राजन का 43 वर्षीय पुत्र जितेंद्र सिंह बाइक पर सवार होकर घर से किसी काम के लिए निकला था। जब उसकी बाइक भवानीपुर गांव के समीप पहुंची तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन उसकी बाइक को टक्कर मारते हुए निकल गया। जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतक के पिता ने बताया कि बेटा बड़ौरी टोल प्लाजा में नौकरी करता था। किसी काम से बाइक पर सवार होकर घर से निकला था। तभी अज्ञात वाहन की टक्कर से उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद से मृतक की पत्नी सोनू सिंह व 9 वर्षीय पुत्री प्रज्ञा व 6 वर्षीय पुत्र दीपेंद्र और डेढ़ वर्षीय सोमेंद्र का रो-रोकर हाल बेहाल है।