गम्हरी की रात्रि चौपाल में पहुंचे प्रभारी मंत्री, सुनीं जनसमस्याएं

  पात्र व्यक्तियों को योजनाओं के लाभ से न रखें वंचित: अजीत
गम्हरी की रात्रि चौपाल में पहुंचे प्रभारी मंत्री, सुनीं जनसमस्याएं
फोटो परिचय-  चौपाल को संबोधित करते प्रभारी मंत्री अजीत सिंह पाल।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत विकास खंड बहुआ की ग्राम पंचायत गम्हरी में रविवार रात भव्य रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश सरकार के खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जनपद प्रभारी मंत्री अजीत सिंह पाल शामिल हुए। उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
रात्रि चौपाल में स्वास्थ्य, आईसीडीएस, कृषि, उद्यान, शिक्षा एवं पशुपालन समेत विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टॉल लगाए गए। विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया। कार्यक्रम के दौरान आईसीडीएस विभाग की ओर से गर्भवती महिलाओं की गोद भराई तथा बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया गया। वहीं विभिन्न विभागों द्वारा लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, मिनी किट बीज, चाबियां एवं अन्य योजनाओं से संबंधित सामग्री वितरित की गई। ग्रामीणों ने स्टॉलों पर पहुंचकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और आवेदन प्रक्रियाओं के बारे में भी जानकारी हासिल की। अपने संबोधन में प्रभारी मंत्री अजीत सिंह पाल ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि हर पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी पात्र व्यक्ति को योजनाओं के लाभ से वंचित न रखा जाए। साथ ही ग्रामीणों को नियमित राशन उपलब्ध कराने और विद्युत आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। इस अवसर पर अयाह शाह विधायक विकास गुप्ता एवं भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी। कार्यक्रम में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स, मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, डीसी मनरेगा, जिला पूर्ति अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। रात्रि चौपाल में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी करते हुए शासन की योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और अपनी समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *