सोमवती अमावस्या पर नौबस्ता गंगा घाट में उमड़ा आस्था का सैलाब
– सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद, श्रद्धालुओं ने किया स्नान
फोटो परिचय- भंडारे में भाग लेते श्रद्धालु।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ खागा, फतेहपुर। सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र स्थित नौबस्ता गंगा घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही आसपास के गांवों तथा विभिन्न जनपदों से हजारों श्रद्धालु गंगा स्नान, पूजा-अर्चना और दान-पुण्य के लिए घाट पहुंचते रहे। श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर परिवार की सुख-समृद्धि एवं देश की खुशहाली की कामना की। पूरे घाट क्षेत्र में धार्मिक उल्लास और श्रद्धा का वातावरण बना रहा।
गंगा तट स्थित खाकी बाबा की कुटी पर पिछले एक माह से चल रहे मास मेले का भी सोमवती अमावस्या के दिन समापन हुआ। आयोजित विशाल भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कुटी परिसर में दिन भर भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन होता रहा, जिससे माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह स्वयं लगातार घाट क्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। पुलिस बल के जवानों को घाट के विभिन्न स्थानों पर तैनात किया गया था, जिससे स्नानार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। पार्किंग, यातायात नियंत्रण और भीड़ प्रबंधन के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई थी। प्रशासन की सतर्कता और स्थानीय लोगों के सहयोग से पूरा आयोजन शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं ने खाकी बाबा कुटी में चल रहे भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए पुण्य लाभ अर्जित किया। इस मौके पर राजू त्रिवेदी, आदित्य प्रताप सिंह, अनुज प्रताप सिंह, अविनाश द्विवेदी मौजूद रहे।
—————————————-

निःशुल्क मिलेगी नैपियर घास की रूट स्लिप
– पशुपालकों व किसानों से मांगे गए आवेदन
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। जनपद के पशुपालकों, किसानों, गौशालाओं एवं स्वयं सहायता समूहों के लिए अच्छी खबर है। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश चारा विकास नीति के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में राज्य योजना के अंतर्गत नैपियर घास की जड़ें (रूट स्लिप) निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।
योजना के अंतर्गत जनपद को 10 लाभार्थियों तथा 2 हेक्टेयर क्षेत्र का लक्ष्य आवंटित किया गया है। इसके तहत पंजीकृत गौशालाओं, गौआश्रय स्थलों, इच्छुक कृषकों, पशुपालकों, गैर सरकारी संस्थाओं (एनजीओ), एफपीओ तथा स्वयं सहायता समूहों को हरा चारा उत्पादन के लिए नैपियर घास की रूट स्लिप निःशुल्क प्रदान की जाएगी। योजना का लाभ उन्हीं आवेदकों को मिलेगा जिनके पास न्यूनतम 0.2 हेक्टेयर सिंचित भूमि उपलब्ध हो। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति परिवारों तथा महिला मुखिया वाले परिवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा नन्द बाबा दुग्ध मिशन एवं अन्य सहभागिता योजनाओं से जुड़े लाभार्थियों, अस्थायी एवं वृहद गौआश्रय स्थलों का संचालन कर रही स्वयं सहायता समूहों और एनजीओ को सर्वाेच्च प्राथमिकता प्रदान की जाएगी। योजना के तहत चयनित लाभार्थियों को प्रथम वर्ष में नैपियर घास की गांठें एवं जड़ें पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही नैपियर सीड बैंक तैयार करने के उद्देश्य से लाभार्थियों से सहमति पत्र लिया जाएगा, जिसके अनुसार आगामी वर्षों में उन्हें प्राप्त रूट स्लिप के सापेक्ष दोगुनी संख्या में नैपियर गांठें अथवा जड़ें विभाग को निःशुल्क उपलब्ध करानी होंगी। आवेदन पत्र के साथ आधार कार्ड, भूमि स्वामित्व प्रमाण पत्र, खसरा-खतौनी तथा बैंक खाते का विवरण स्वप्रमाणित प्रति के रूप में संलग्न करना अनिवार्य होगा। आवेदन संबंधित क्षेत्र के उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी अथवा पशु चिकित्साधिकारी कार्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि लाभार्थियों का चयन पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा। इच्छुक किसान एवं पशुपालक शीघ्र आवेदन कर योजना का लाभ उठा सकते हैं।
————————————– –

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर लगा जनकल्याण शिविर
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ खागा, फतेहपुर। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ऐरायां ब्लॉक परिसर में जनकल्याण शिविर एवं विकसित संकल्प सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री कृष्णा पासवान शामिल हुईं। उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी देते हुए कहा कि बीते वर्षों में सरकार ने गरीब, किसान, महिला और युवा वर्ग के उत्थान के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।
राज्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से लाखों गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं, वहीं प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। उन्होंने उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना, स्वच्छ भारत मिशन तथा महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं का भी उल्लेख किया और कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। कार्यक्रम के दौरान जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी लोगों को दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। उपस्थित लोगों ने भी सरकार की योजनाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की और अपने सुझाव साझा किए। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी अशोक सिंह, ब्लॉक प्रमुख अनुज प्रताप सिंह, अविनाश द्विवेदी, विमलेश, अवधेश मिश्रा तथा अर्पण अग्रवाल सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन विकसित भारत के संकल्प के साथ हुआ।
——————————————

शादी का झांसा देकर युवती से शोषण करने वाला गिरफ्तार
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण करने के आरोप में फरार चल रहे एक वांछित अभियुक्त को थाना थरियांव पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में जनपद भर में अपराधियों और वांछित अभियुक्तों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थरियांव थाना पुलिस को यह सफलता मिली। मुकदमा अपराध संख्या 116/2026 में दर्ज मामले में आरोपी मनीष पुत्र ओमप्रकाश निवासी ग्राम लतीफपुर थाना थरियांव पर एक युवती को शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप है। घटना के बाद से आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर था और उसकी तलाश की जा रही थी। सोमवार को थाना थरियांव पुलिस ने मुखबिर की सूचना और सघन तलाश अभियान के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे थाने लाया गया, जहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के उपरांत माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिलाओं के विरुद्ध अपराधों को लेकर जनपद पुलिस पूरी गंभीरता के साथ कार्रवाई कर रही है और ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। गिरफ्तारी करने वाली टीम में हसवा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अरुण कुमार मौर्य, हेड कांस्टेबल राजेन्द्र कुमार शामिल रहे।
————————————– –

शादी का झांसा देकर युवती का अपहरण करने वाला आरोपी गिरफ्तार
– सकुशल बरामद हुई युवती, परिजनों को सौंपा
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। सदर कोतवाली पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती का अपहरण करने के मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अपहृत युवती को पहले ही सकुशल बरामद कर लिया था, जबकि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में अपराधियों एवं वांछित अभियुक्तों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुकदमा अपराध संख्या 250/2026, धारा 87/61(2) बीएनएस से संबंधित वांछित अभियुक्त अली हुसैन पुत्र अकरम निवासी चतुरी मुरई का पुरवा थाना कोतवाली को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी पर शादी का झांसा देकर युवती का अपहरण करने का आरोप है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में उसे गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। उल्लेखनीय है कि इस मामले में अपहृत युवती को 14 जून को सकुशल बरामद कर लिया गया था, जिससे परिजनों ने राहत की सांस ली। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विजय बहादुर, कांस्टेबल आदित्य मौर्य, महिला कांस्टेबल ममता मिश्रा शामिल रहीं।
————————————-

गैर-इरादतन हत्या के प्रयास मामले में आठ दोषियों को 7-7 साल की सजा
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। गैर-इरादतन हत्या के प्रयास समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में दर्ज मामले में न्यायालय ने आठ अभियुक्तों को दोषी ठहराते हुए 7-7 वर्ष के कठोर कारावास व प्रत्येक पर 9500 रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है।
कल्यानपुर थाने में वर्ष 2013 में दर्ज मुकदमा संख्या 81/13 में अभियुक्तों के विरुद्ध धारा 147, 323, 325, 504, 506, 308 एवं 149 भादवि के तहत मामला पंजीकृत किया गया था। मामले की विवेचना पूरी कर आरोपियों के विरुद्ध आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया गया था। पुलिस महानिदेशक के निर्देश व पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के नेतृत्व में संचालित ऑपरेशन कन्विक्शन के अंतर्गत इस मुकदमे की लगातार मॉनिटरिंग की गई। स्थानीय पुलिस, मॉनिटरिंग सेल तथा अभियोजन पक्ष की प्रभावी पैरवी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर माननीय न्यायालय एफटीसी-01 ने सभी आठ अभियुक्तों को दोषी करार दिया। न्यायालय ने नीशू, कपूर, विनय कुमार, जयपाल, बाबूलाल, नीरज, अशोक कुमार और कौशल कुमार, सभी निवासी ग्राम बड़ौरी थाना कल्याणपुर को धारा 323, 325, 308 एवं 506 भादवि के अंतर्गत दोषसिद्ध पाते हुए सात वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई। साथ ही प्रत्येक अभियुक्त पर 9500 रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया। महत्वपूर्ण सफलता में मॉनिटरिंग सेल प्रभारी निरीक्षक श्रवण कुमार सिंह, उपनिरीक्षक अश्विनी वर्मा, कांस्टेबल रोहित राजावत, जितेंद्र सिंह, विवेक कुमार, विवेचक चंद्रभान चौहान, पैरोकार सतेन्द्र सिंह, कोर्ट मुहर्रिर नेहा राय तथा एडीजीसी महेंद्र सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस विभाग ने कहा कि अपराधियों को त्वरित और कठोर सजा दिलाने के लिए ऑपरेशन कन्विक्शन अभियान आगे भी इसी तरह प्रभावी ढंग से जारी रहेगा, जिससे अपराधियों में कानून का भय बना रहे और पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके।
