प्रदेश में अवैध बेसमेंट में बिल्डिंगों के खिलाफ अभियान,कई वीआईपी बिल्डिंग सील

  एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ —  लखनऊ के दर्दनाक अग्निकांड के बाद पूरे उत्तर प्रदेश में अवैध बेसमेंट और सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाली बिल्डिंगों के खिलाफ अभियान चल रहा है. कानपुर में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के भाई की बिल्डिंग को सील करने के मामले में 24 घंटे के भीतर ही केडीए के अफसरों ने यू-टर्न ले लिया। अब केडीए के अफसरों का कहना है कि बिल्डिंग को सील नहीं किया गया है, सिर्फ नोटिस दी गई है। जबकि केडीए ने बेसमेंट को सील करते हुए सीलिंग की पट्‌टी लगाई थी और पेंट से सीलिंग की कार्रवाई को लिखा था, लेकिन 24 घंटे के भीतर अफसर अपनी ही कार्रवाई से मुकर गए हैं। इसको लेकर जिन संस्थानों पर एक्शन हुआ है सभी में आक्रोश है।

केडीए जोन-1 के प्रवर्तन दस्ते ने बुधवार को विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के भाई बिट्‌टू महाना और मन्नू महाना के जाजमऊ स्थित बिल्डिंग में चल रही तीन कोचिंग संस्थानों स्काई लाइन कोचिंग सेंटर, एसपीटी कोचिंग सेंटर, फूडी एंजल पर नोटिस चस्पा करते हुए सील कर दिया। बेसमेंट में एक रेस्टोरेंट और उसके ऊपरी तल पर तीन कोचिंग चल रही थीं, जांच के दौरान मानक के विपरीत पाई गई तो एक्शन हुआ। कार्रवाई के दौरान विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के भाई बिट्‌टू महाना मौजूद थे, उन्होंने बताया भी कि केडीए के अफसरों ने उन्हें पूर्व में कोई सूचना नहीं दी। मौके पर विरोध करने पर अफसरों ने उनसे अभद्रता भी कर दी।

केडीए जोन-3 प्रवर्तन विभाग के प्रभारी अभियंता ने बताया कि मुझे जानकारी नहीं है कि किसकी बिल्डिंग है, मानक के विपरीत कोचिंग संस्थान व रेस्टोरेंट चलते मिला था। इस वजह से चारों प्रतिष्ठानों को सील कर दिया गया था, लेकिन कार्रवाई के 24 घंटे के भीतर विधानसभा अध्यक्ष के रसूख के चलते गुरुवार को अफसर पलट गए। केडीए के सचिव अभिय कुमार पांडेय ने बताया कि विधानसभा अध्यक्ष के भाई की बिल्डिंग पर सीलिंग की कोई कार्रवाई नहीं की गई है, सिर्फ नोटिस दिया गया है।

आपको जानकर हैरत होगी कि विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के रसूख के चलते सीलिंग की कार्रवाई के चंद घंटे बाद ही सील की पटि्टका को हटा दिया गया। जो नोटिस चस्पा किए गए थे, उसे नोचकर फाड़ डाला गया। केडीए ने पेंट से जो कार्रवाई करने के दौरान लिखा था कि परिसर केडीए के द्वारा सील कर दिया गया है, उसपर सफेद पेंट कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *