छात्रावास में प्रवेश के लिए अब तीस तक करें आवेदन

छात्रावास में प्रवेश के लिए अब तीस तक करें आवेदन
मो. ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित राजकीय छात्रावासों में शैक्षिक सत्र 2026-27 के प्रवेश के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। अब इच्छुक छात्र-छात्राएं 30 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। विभाग ने पात्र अभ्यर्थियों से समय रहते आवेदन कर आवश्यक अभिलेख संबंधित छात्रावास में जमा कराने की अपील की है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि जनपद के राजकीय अनुसूचित जाति महिला छात्रावास सदर, राजकीय अनुसूचित जाति बालिका छात्रावास सदर, राजकीय अनुसूचित जाति छात्रावास (बालक) खागा तथा राजकीय अनुसूचित जाति छात्रावास (बालक) अढ़ौली में प्रवेश प्रक्रिया चल रही है। इन छात्रावासों में दशमोत्तर कक्षाओं में अध्ययनरत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, सामान्य एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के ऐसे छात्र-छात्राएं प्रवेश के पात्र होंगे, जो समाज कल्याण विभाग अथवा कल्याण सेक्टर के अन्य विभागों की छात्रवृत्ति योजना के लिए पात्र हैं। पूर्व में ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 20 जुलाई निर्धारित थी, जिसे संशोधित कर 30 जुलाई कर दिया गया है। अभ्यर्थी निर्धारित पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करने के बाद आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी एवं आवश्यक अभिलेखों के साथ 30 जुलाई तक संबंधित छात्रावास में जमा कर सकते हैं। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने पात्र छात्र-छात्राओं से अंतिम तिथि का लाभ उठाते हुए समय पर आवेदन करने की अपील की है।
————————————— 
इलेक्ट्रिक व सीएनजी कृषि मशीनों पर अनुदान हेतु मांगे आवेदन
मो. ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। जनपद के किसानों को आधुनिक कृषि उपकरणों से जोड़ने के उद्देश्य से उद्यान विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए औद्यानिक विकास की योजनाओं के अंतर्गत कृषि मशीनीकरण कार्यक्रम शुरू कर दिया है। योजना के तहत पात्र किसानों को इलेक्ट्रिक, सीएनजी एवं सीबीजी से संचालित कृषि मशीनों पर अनुदान का लाभ दिया जाएगा। इसके लिए इच्छुक किसानों से ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों और ईंधन संकट को देखते हुए डीजल और पेट्रोल से चलने वाली मशीनों के बजाय पर्यावरण अनुकूल मशीनों को ही अनुदान के दायरे में रखा गया है। जिला उद्यान अधिकारी डॉ. रमेश पाठक ने बताया कि एकीकृत बागवानी विकास मिशन एवं मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक विकास योजना के तहत दो पहिया ड्राइव ट्रैक्टर, चार पहिया ड्राइव ट्रैक्टर, 8 बीएचपी क्षमता के पावर टिलर तथा 8 बीएचपी से अधिक क्षमता वाले पावर टिलर पर अनुदान उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि योजना का लाभ केवल उन्हीं किसानों को मिलेगा जिनके नाम पर कृषि भूमि राजस्व अभिलेखों में दर्ज हो और जिन्होंने पूर्व वर्षों में इस योजना का लाभ प्राप्त न किया हो। उन्होंने बताया कि किसानों को विभागीय वेबसाइट पर ऑनलाइन पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। साथ ही फार्मर रजिस्ट्री कराना तथा प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना (पीडीएमसी) के अंतर्गत ड्रिप या स्प्रिंकलर सिंचाई प्रणाली से जुड़े होना भी आवश्यक है। ऑनलाइन आवेदन के बाद खतौनी, आधार कार्ड, बैंक पासबुक की प्रति, फोटो सहित अन्य आवश्यक अभिलेख जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय, विकास भवन के कक्ष संख्या-139 में जमा करने होंगे। डॉ. पाठक ने बताया कि लाभार्थियों का चयन प्रथम आवक-प्रथम पावक के आधार पर किया जाएगा। इसलिए इच्छुक किसान बिना विलंब आवेदन करें, जिससे विभाग निर्धारित भौतिक एवं वित्तीय लक्ष्यों को समय से पूरा कर सके। उन्होंने कहा कि किसान अपने विकास खंड के क्षेत्रीय प्रभारी से भी संपर्क कर योजना की विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। हथगांव, विजयीपुर और असोथर क्षेत्र के लिए 9140136988, अमौली, देवमई, खजुहा और धाता के लिए 9919779564, तेलियानी, बहुआ और ऐराया के लिए 9452073794 तथा मलवां, हस्वा और भिटौरा विकास खंड के लिए 7652088495 पर संपर्क किया जा सकता है। जिला उद्यान अधिकारी ने अधिक से अधिक किसानों से योजना का लाभ उठाने की अपील की है।
—————————————- 
पुलिस कप्तान ने छात्राओं में भरा सफलता का जज्बा
– सरस्वती विद्या मंदिर की छात्राओं से किया संवाद
मो. ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने सोमवार को पुलिस कार्यालय में सरस्वती विद्या मंदिर की छात्राओं से प्रेरणादायी संवाद कर उन्हें शिक्षा, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ जीवन में आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही व्यक्ति के उज्ज्वल भविष्य, आत्मनिर्भरता और सशक्त व्यक्तित्व की सबसे मजबूत नींव है।
संवाद के दौरान एसपी ने छात्राओं से कहा कि जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर कठिन परिश्रम, सकारात्मक सोच और समय का सदुपयोग करते हुए निरंतर प्रयास करने से हर मंजिल हासिल की जा सकती है। उन्होंने नैतिक मूल्यों को अपनाने और समाज व राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करने की भी सीख दी। इस दौरान छात्राओं ने शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, करियर निर्माण तथा पुलिस सेवा से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे। एसपी ने सभी जिज्ञासाओं का सरल और प्रेरक ढंग से उत्तर देते हुए उन्हें आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने पुलिस अधीक्षक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह संवाद उनके लिए बेहद प्रेरणादायी और भविष्य की दिशा तय करने में उपयोगी साबित होगा।
—————————————- 
लखनऊ रोड नई बस्ती में मूलभूत सुविधाओं का संकट
– व्यापार मंडल ने डीएम से लगाई गुहार
मो. ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। शहर के लखनऊ रोड स्थित नई आबादी उधन्नापुर (सुखदेव नगर) में मूलभूत सुविधाओं के अभाव को लेकर उद्योग व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर बिजली, पेयजल और सड़क की व्यवस्था कराने की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया कि नगर पालिका क्षेत्र की इस नई बस्ती में करीब सौ परिवारों के लगभग पांच सौ लोग निवास करते हैं, लेकिन आज तक यहां विद्युतीकरण, जलापूर्ति पाइपलाइन और पक्की सड़क की सुविधा उपलब्ध नहीं कराई गई है। इतना ही नहीं, पेयजल के लिए सार्वजनिक हैंडपंप तक नहीं लगाया गया है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। व्यापार मंडल ने कहा कि बस्ती में रहने वाले छात्र-छात्राएं, महिलाएं और बुजुर्ग मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। सड़क, बिजली और पानी जैसी आवश्यक सुविधाएं न होने से लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है और उन्हें लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन के माध्यम से जिलाधिकारी से मांग की गई कि उधननापुर (सुखदेव नगर) में शीघ्र विद्युत लाइन, जलापूर्ति पाइपलाइन और सड़क निर्माण के लिए आवश्यक बजट स्वीकृत कर विकास कार्य शुरू कराया जाए, ताकि स्थानीय निवासियों को बुनियादी सुविधाएं मिल सकें और क्षेत्र का समुचित विकास हो। ज्ञापन देने वालों में संस्थापक अध्यक्ष किशन मेहरोत्रा, जिलाध्यक्ष इलेक्ट्रॉनिक संगठन मो. अंजुम, उपाध्यक्ष अनुराग साहू, बाईपास संगठन अध्यक्ष मो. इमरान, मनोज गुप्ता सहित बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी मौजूद रहे।
————————————— 
सीसीटीवी में कैद साइकिल चोर, एक सप्ताह बाद भी मुकदमा नहीं
मो. ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ असोथर, फतेहपुर। नगर पंचायत असोथर में साइकिल चोरी का मामला सामने आने के एक सप्ताह बाद भी पुलिस मुकदमा दर्ज नहीं कर सकी है। पीड़ित फल व्यापारी का आरोप है कि चोरी की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद होने और थाना पुलिस को लिखित प्रार्थना पत्र देने के बावजूद न तो एफआईआर दर्ज की गई और न ही आरोपी को पकड़ने की दिशा में कोई ठोस कार्रवाई हुई। इससे व्यापारियों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर नाराजगी बढ़ रही है।
कस्बा निवासी फल व्यापारी रईस राईन के अनुसार 13 जुलाई को उन्होंने अपनी साइकिल दुकान के बाहर खड़ी की थी। कुछ देर बाद लौटने पर साइकिल गायब मिली। आसपास काफी तलाश करने के बावजूद जब कोई सुराग नहीं मिला तो उन्होंने थाना असोथर में लिखित प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। पीड़ित का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में एक व्यक्ति साइकिल ले जाता हुआ साफ दिखाई दे रहा है। हालांकि उसका चेहरा पूरी तरह स्पष्ट नहीं है, लेकिन पहचान की संभावना है। इसके बावजूद पुलिस अब तक आरोपी की पहचान कर उसे पकड़ने में सफल नहीं हो सकी है। रईस राईन का आरोप है कि शिकायत दिए हुए एक सप्ताह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अभी तक मुकदमा तक दर्ज नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई होती तो आरोपी तक पहुंचना आसान हो सकता था। अब चोर खुलेआम घूम रहा है और पुलिस केवल जांच का हवाला दे रही है। व्यापारियों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से असुरक्षा का माहौल बन गया है। उनका आरोप है कि छोटी-छोटी चोरी की घटनाओं में भी समय पर कार्रवाई नहीं होने से चोरों के हौसले बुलंद हैं। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से जल्द मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी और चोरी गई साइकिल बरामद करने की मांग की है। जरौली चौकी प्रभारी राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि प्रार्थना पत्र के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *