विधायक ने समदा-सहोदरपुर नाले का किया निरीक्षण, पुल निर्माण का दिया भरोसा

    विधायक ऊषा मौर्य ने समदा-सहोदरपुर नाले का किया निरीक्षण, पुल निर्माण का दिया भरोसा

– ग्रामीणों की वर्षों पुरानी समस्या जल्द दूर कराने का आश्वासन, विधानसभा में फिर उठाएंगी मुद्दा

एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। हुसैनगंज विधानसभा क्षेत्र के भिटौरा ब्लॉक अंतर्गत सीर इब्राहिमपुर और समदा-सहोदरपुर गांव के बीच स्थित बड़े नाले की समस्या को लेकर विधायक ऊषा मौर्य ने ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। विधायक ने नाले की स्थिति देखी और ग्रामीणों से उनकी समस्याओं की जानकारी ली।


ग्रामीणों ने बताया कि समदा-सहोदरपुर के पास बड़े नाले पर पुल न होने के कारण उन्हें गनेशपुर, मवई अस्पताल, बाजार और विद्यालय जाने के लिए जमुरांवा रोड की ओर से करीब 10 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ता है। बरसात के मौसम में नाले में पानी का बहाव तेज होकर छोटी नदी का रूप ले लेता है, जिससे लगभग तीन महीने तक आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है। इससे स्कूली बच्चों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। निरीक्षण के दौरान विधायक ऊषा मौर्य ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि नाले पर पुल निर्माण उनकी प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने बताया कि पिछले शीतकालीन सत्र में भी इस पुल निर्माण को लेकर विधानसभा में याचिका लगाई गई थी। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को आगामी सत्र में दोबारा प्रमुखता से उठाया जाएगा, ताकि क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान हो सके। विधायक ने कहा कि पुल बनने से ग्रामीणों को अस्पताल, विद्यालय और बाजार तक पहुंचने में आसानी होगी तथा समय और दूरी दोनों की बचत होगी। इस मौके पर सपा के वरिष्ठ नेता तेज सिंह यादव, प्रधान लोहारी, जय प्रकाश यादव प्रधान समदा-सहोदरपुर, भीमसेन, रिंकू यादव, बबलू, गुड्डू, त्रिभुवन मौर्य सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *