मेडिकल कॉलेज में डीएम का औचक निरीक्षण, मरीजों से पूछकर परखी दवा और इलाज की हकीकत
दीपक धुरिया अजरा न्यूज जालौन — जालौन के राजकीय मेडिकल कॉलेज में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत परखी। उन्होंने ओपीडी, इमरजेंसी और दवा वितरण काउंटर का निरीक्षण करते हुए मरीजों से सीधे बातचीत की।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने कोंच विकासखंड के भदारी गांव की मरीज मंजू देवी से दवाओं की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली। इसके बाद उनकी पर्ची के आधार पर पुरुष और महिला दवा काउंटर पर रैंडम जांच कराई, जहां डॉक्टर द्वारा लिखी गई सभी दवाएं उपलब्ध मिलीं।

इमरजेंसी वार्ड में डीएम ने भर्ती बुजुर्ग मरीजों का हालचाल जाना और चिकित्सकों को निर्देश दिए कि इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग मरीजों की देखभाल अपने माता-पिता की तरह की जाए और पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद ही उन्हें अस्पताल से छुट्टी दी जाए।

