एंटी करप्शन टीम ने रिश्वतखोर कनिष्ठ सहायक को दबोचा

 एंटी करप्शन टीम ने रिश्वतखोर कनिष्ठ सहायक को दबोचा
– मुकदमे से बचाने के लिए मांगे थे एक लाख रूपए
फोटो परिचय- रिश्वत का आरोपी कनिष्ठ सहायक राहुल कुमार बौद्ध।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज खागा, फतेहपुर। बैनामा मामले में मुकदमे की धमकी और उससे बचाने के नाम पर एक लाख रुपये की कथित रिश्वत मांगना खागा तहसील के सब-रजिस्ट्रार कार्यालय के कनिष्ठ सहायक को भारी पड़ गया। शिकायत पर सक्रिय हुई एंटी करप्शन टीम ने मंगलवार को जाल बिछाकर कनिष्ठ सहायक राहुल कुमार बौद्ध को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। अचानक हुई कार्रवाई से तहसील परिसर में हड़कंप मच गया।

मामला संग्रामपुर सानी निवासी भीम सिंह पुत्र स्व. वैजनाथ सिंह की शिकायत से जुड़ा है। शिकायतकर्ता ने आठ अगस्त को एंटी करप्शन थाना प्रयागराज में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप लगाया गया था कि 17 जून को कराए गए बैनामा के संबंध में झूठे तथ्य दिखाकर मुकदमा लिखाने की धमकी दी जा रही थी। शिकायतकर्ता के मुताबिक मुकदमे की कार्रवाई से बचाने के नाम पर उससे एक लाख रुपये की रिश्वत मांगी गई। शिकायत मिलते ही एंटी करप्शन टीम ने मामले की जांच और सत्यापन कराया। आरोपों की पुष्टि के बाद आरोपी को रंगेहाथ पकड़ने के लिए ट्रैप तैयार किया गया। इसके बाद 13 सदस्यीय टीम मंगलवार को खागा स्थित सब-रजिस्ट्रार कार्यालय पहुंची और पूरी कार्रवाई को बेहद गोपनीय तरीके से अंजाम दिया। लोकसेवक साक्षियों और ट्रैप टीम की मौजूदगी में जैसे ही शिकायतकर्ता ने कथित रिश्वत की रकम आरोपी कनिष्ठ सहायक राहुल कुमार बौद्ध को दी, टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल कुमार बौद्ध पुत्र स्वर्गीय रामलखन बौद्ध निवासी जनपद प्रतापगढ़ के रूप में हुई है। कार्रवाई के बाद टीम आरोपी को हिरासत में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई के लिए अपने साथ ले गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *