ताइक्वांडो खिलाड़ियों के लिए मौका, छठवीं जिला प्रतियोगिता 16 को

ताइक्वांडो खिलाड़ियों के लिए मौका, छठवीं जिला प्रतियोगिता 16 को
– अलंकार गार्डेन में जुटेंगे खिलाड़ी, मेडल के लिए दिखाएंगे दमखम
फोटो परिचय-  बैठक में भाग लेते ताइक्वांडो एसोसिएशन ऑफ फतेहपुर के पदाधिकारी।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। जिले के ताइक्वांडो खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा और खेल कौशल दिखाने का सुनहरा अवसर मिलने जा रहा है। ताइक्वांडो एसोसिएशन ऑफ फतेहपुर की बैठक नीलकंठ पैलेस पटेल नगर में अध्यक्ष किशन मेहरोत्रा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में आगामी छठवीं जिला ताइक्वांडो प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई और प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए खिलाड़ियों एवं पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

बैठक में निर्णय लिया गया कि 16 अगस्त को अलंकार गार्डेन आईटीआई रोड में जिला ताइक्वांडो प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता का शुभारंभ सुबह आठ बजे से होगा। इसमें जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से ताइक्वांडो खिलाड़ी प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। एसोसिएशन के अध्यक्ष किशन मेहरोत्रा ने कहा कि प्रतियोगिता में जिले के सभी ताइक्वांडो खिलाड़ी प्रतिभाग कर सकते हैं। खिलाड़ियों के लिए यह अपनी प्रतिभा को मंच पर प्रदर्शित करने और बेहतर प्रदर्शन के दम पर मेडल जीतने का शानदार अवसर है। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरी तैयारी और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की। एसोसिएशन के सचिव राजकुमार ने कहा कि जनपद के ताइक्वांडो खिलाड़ियों के लिए यह प्रतियोगिता बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के साथ आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने जिले के अधिक से अधिक खिलाड़ियों से प्रतियोगिता में सहभागिता करने का आह्वान किया। बैठक के दौरान प्रतियोगिता की व्यवस्थाओं, खिलाड़ियों की सहभागिता और आयोजन को बेहतर ढंग से संपन्न कराने को लेकर पदाधिकारियों ने अपने सुझाव दिए। एसोसिएशन ने प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इस मौके पर उपाध्यक्ष प्रखर शुक्ला, सचिव राजकुमार, उप सचिव भारत वर्मा, रिचा राजपूत, शिव कुमार, उत्कर्ष पटेल, तनुज बाजपेई, मनीषा राजपूत समेत ताइक्वांडो प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *