काउंसिलिंग कार्यशाला में विशेषज्ञों ने बताए रोजगार के अवसर,लघु ख़बरों के साथ
काउंसिलिंग कार्यशाला में विशेषज्ञों ने बताए रोजगार के अवसर,लघु ख़बरों के साथ
कैरियर काउंसिलिंग कार्यशाला में विशेषज्ञों ने बताए रोजगार के अवसर
– जिला सेवायोजन कार्यालय में आज लगेगा रोजगार मेला एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। युवाओं को शिक्षा के साथ रोजगार के बेहतर अवसरों से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज में कैरियर काउंसिलिंग कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें विद्यालय के 100 से अधिक छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर विभिन्न क्षेत्रों में कैरियर और रोजगार की संभावनाओं की जानकारी हासिल की।
कार्यशाला में प्रभारी कॅरियर काउंसिलिंग शशांक पाण्डेय ने छात्र-छात्राओं को सेवायोजन विभाग के रोजगार संगम पोर्टल, सेवायोजन पोर्टल और भारत सरकार के एनसीएस पोर्टल के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन पोर्टलों के माध्यम से युवा अपनी योग्यता के अनुरूप रोजगार के अवसरों की जानकारी प्राप्त करने के साथ विभिन्न नौकरियों के लिए आवेदन भी कर सकते हैं। कैरियर काउंसलर एवं मोटिवेशनल स्पीकर श्रेय शुक्ला ने छात्र-छात्राओं को विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध कॅरियर के अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों की कॅरियर से जुड़ी शंकाओं का समाधान करते हुए रुचि, योग्यता और क्षमता के अनुसार लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के प्रभारी प्रधानाचार्य अजय कुमार पाण्डेय ने की। उन्होंने विद्यार्थियों को कॅरियर के प्रति गंभीर होकर समय रहते अपनी दिशा तय करने की सलाह दी। बताया गया कि जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से 22 अगस्त को कार्यालय परिसर में सुबह 10 बजे से रोजगार मेले का आयोजन प्रस्तावित है। इसमें रोजगार की तलाश कर रहे युवा प्रतिभाग कर विभिन्न कंपनियों एवं रोजगार अवसरों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। विभाग ने युवाओं से रोजगार मेले में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करने की अपील की है।
.…………………………………………………………..
लोहे के पाइप में उतरे करंट में चिपका युवक नाली में गिरा एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज खागा, फतेहपुर। तहसील क्षेत्र के प्रेमनगर कस्बे में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब दुकान के बाहर लगे टीन शेड के लोहे के पाइप में घरेलू बिजली का करंट उतर आया। इसी दौरान बगल से गुजर रहा एक नाबालिग युवक लोहे के पाइप की चपेट में आकर करंट से चिपक गया और झटका लगने से नाली में जा गिरा। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार घटना प्रेमनगर कस्बा में मंडवा रोड मोड़ के पास सुपर कम्प्यूटर के बगल की बताई जा रही है। युवक अपनी कॉस्मेटिक की दुकान की ओर जा रहा था। इसी दौरान समीप स्थित बाल कटिंग की दुकान के बाहर पड़े टीन शेड के लोहे के पाइप को छूते ही उसमें प्रवाहित करंट की चपेट में आ गया। युवक के करंट से चिपकते ही आसपास मौजूद दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए लकड़ी और डंडे की मदद से युवक को बिजली के संपर्क से अलग किया। इसके बाद गंभीर हालत में उसे आनन-फानन हथगाम ले जाया गया, जहां उसका उपचार कराया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और बिजली केबल को हटाकर फाल्ट को ठीक किया। हादसे के बाद कस्बे के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में बिजली सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। ————————————— –
सर्पदंश से वृद्धा की मौत एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम मकदूमपुर मजरे गोर्वधनपुर में 74 वर्षीय महिला को सर्प ने डस लिया। उपचार के लिए अस्पताल ला रहे थे। तभी रास्ते में दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार मकदूमपुर मजरे गोर्वधनपुर गांव निवासी दशराज पाल की पत्नी फूलमति अपने घर के बाहर बैठी थी। इसी दौरान सर्प ने उसे डस लिया। इसकी जानकारी जब परिजनों को हुयी तो उसे अस्पताल ला रहे थे। तभी रास्ते में वृद्धा ने दम तोड़ दिया। सूचना पाकर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। ————————————- —
करंट लगने से युवक की मौत एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम बीसापुर मजरे तारापुर में शुक्रवार की सुबह फर्राटे पंखे का प्लग लगाते समय करंट की चपेट में आ जाने से 35 वर्षीय युवक की घटना स्थल पर ही मौत हो गयी।
जानकारी के अनुसार बीसापुर मजरे तारा गांव निवासी आनंद शंकर का पुत्र देव नरायन शुक्रवार की सुबह पंखे का तार लगा रहा था। तभी वह करंट की चपेट में आ गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। उधर घटना की सूचना पाकर मौके में पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। घटना के बाबत जानकारी पोस्टमार्टम हाउस में मृतक के छोटा भाई श्याम नरायन ने दी है।