रसोइयों को सीएम का रक्षाबंधन पर तोहफा, मानदेय हुआ तीस हजार

    रसोइयों को सीएम का रक्षाबंधन पर तोहफा, मानदेय हुआ तीस हजार
फोटो परिचय- कार्यक्रम में भाग लेते पूर्व विधायक विक्रम सिंह व डीएम निधि गुप्ता वत्स।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। रक्षाबंधन से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्कूलों में बच्चों के लिए भोजन तैयार करने वाले रसोइयों को बड़ी सौगात दी है। रसोइयों का मासिक मानदेय 2000 से बढ़ाकर 3000 कर दिया गया है। इसके साथ ही वर्ष में मिलने वाला वस्त्र-परिधान भत्ता भी दोगुना कर 500 से 1000 कर दिया गया है। वहीं गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए रसोइयों को पांच लाख तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा और किसी अनहोनी की स्थिति में परिवार को दो लाख की सामाजिक सुरक्षा गारंटी देने की घोषणा की गई है।
मुख्यमंत्री की इन घोषणाओं के उपलक्ष्य में जिले की सभी छह विधानसभाओं में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में रसोइयों की मौजूदगी में कार्यक्रम आयोजित किए गए। लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, गोमती नगर में आयोजित मुख्य रसोइया सम्मान समारोह का लाइव प्रसारण भी सभी विधानसभा क्षेत्रों में किया गया। सदर विधानसभा में गांधी सभागार कलेक्ट्रेट में पूर्व सदर विधायक भाजपा विक्रम सिंह, जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स, मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रिंसी मौर्य की मौजूदगी में कार्यक्रम हुआ। अयाह शाह में विधायक विकास गुप्ता, जहानाबाद में विधायक राजेंद्र पटेल तथा बिंदकी में विधायक जयकुमार सिंह जैकी की मौजूदगी में आयोजन हुआ। खागा विधानसभा में ब्लाक प्रमुख विकास पासवान सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे, जबकि हुसैनगंज विधानसभा क्षेत्र में जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह समेत अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। मुख्यमंत्री की घोषणाओं के बाद कार्यक्रम स्थलों पर मौजूद रसोइयों में खुशी की लहर दौड़ गई। रसोइयों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ घोषणाओं का स्वागत करते हुए सरकार के प्रति आभार जताया। कार्यक्रमों में शिक्षा विभाग के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और विभिन्न विकासखंडों से आए रसोइये बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *