छात्राओं ने पुलिस कर्मियों की कलाई पर बांधी राखी, रिश्ते को किया मजबूत
छात्राओं ने पुलिस कर्मियों की कलाई पर बांधी राखी, रिश्ते को किया मजबूत
छात्राओं ने पुलिस कर्मियों की कलाई पर बांधी राखी – सुरक्षा व विश्वास के रिश्ते को किया मजबूत
फोटो परिचय- एएसपी की कलाई में राखी बांधती छात्राएं। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर बुधवार को वीरेन्द्र स्वरूप पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने पुलिस अधिकारियों और कर्मियों की कलाई पर राखी बांधकर सुरक्षा, विश्वास और भाईचारे के अटूट रिश्ते का संदेश दिया। छात्राओं का यह आत्मीय अंदाज देखकर पुलिस कर्मी भी भावुक नजर आए। इस दौरान छात्राओं ने अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय के माथे पर तिलक लगाकर उनका अभिनंदन किया और रक्षासूत्र बांधकर उनकी दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य एवं उज्जवल भविष्य की कामना की।
पर्व के अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण एवं छात्राओं का प्रतिनिधिमंडल पुलिस कार्यालय पहुंचा और अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय से शिष्टाचार भेंट की। छात्राओं ने एएसपी समेत अन्य पुलिस अधिकारियों एवं महिला पुलिस कर्मियों को राखी बांधी। छात्राओं ने कहा कि पुलिस समाज की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। पुलिस अधिकारी और कर्मचारी त्योहारों पर भी अपने परिवार से दूर रहकर दिन-रात लोगों की सुरक्षा में डटे रहते हैं। ऐसे में पुलिस परिवार के प्रति सम्मान और विश्वास व्यक्त करने के उद्देश्य से उन्होंने रक्षाबंधन का यह पर्व पुलिस कर्मियों के साथ मनाया। छात्राओं के इस आत्मीय प्रयास की अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय ने सराहना की। उन्होंने सभी छात्राओं को रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि पुलिस व समाज के बीच विश्वास का रिश्ता जितना मजबूत होगा, सुरक्षा व्यवस्था उतनी ही प्रभावी होगी। छात्राओं द्वारा पुलिस कर्मियों को राखी बांधना इसी विश्वास और आत्मीय संबंध का प्रतीक है। एएसपी ज्ञान प्रकाश राय ने छात्राओं को मिशन शक्ति के तहत महिला एवं बालिका सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दीं।