सरदार सेना की आरक्षण बचाओ पद यात्रा आज पहुंचेगी धाता
सरदार सेना की आरक्षण बचाओ पद यात्रा आज पहुंचेगी धाता
सरदार सेना की आरक्षण बचाओ पद यात्रा आज पहुंचेगी धाता एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज धाता, फतेहपुर। सरदार सेना की ओर से आरक्षण बचाओ आंदोलन के तहत निकाली जा रही पद यात्रा कल (आज) धाता पहुंचेगी। डॉ. आरएस पटेल के नेतृत्व में यह पद यात्रा 26 अगस्त को प्रयागराज से शुरू हुई है।
पद यात्रा 27 अगस्त को कौशाम्बी होते हुए धाता क्षेत्र में प्रवेश करेगी। सूर्यकुंड पक्का तालाब के पास से होते हुए पद यात्रा दीपनारायण तिराहा पहुंचेगी। इसके बाद क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से गुजरते हुए यात्रा आगे के लिए रवाना होगी। आयोजकों के अनुसार आरक्षण बचाओ आंदोलन को लेकर लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से पद यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। पद यात्रा का समापन दो सितंबर को लखनऊ के इको गार्डन में किया जाएगा। पद यात्रा के धाता पहुंचने को लेकर समर्थकों और स्थानीय लोगों में उत्साह देखने को मिल रहा है। —————————————
रक्षाबंधन पर बंधा स्वच्छता का अनोखा बंधन एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज खागा, फतेहपुर। नगर पंचायत सभागार में रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी का अनोखा संदेश देखने को मिला। नगर पंचायत अध्यक्ष गीता सिंह और अधिशासी अधिकारी देवहूती पांडेय की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में बच्चियों ने नगर पंचायत के स्वच्छता कर्मियों को रक्षा सूत्र बांधकर उनके प्रति सम्मान और अपनत्व प्रकट किया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चियों ने स्वच्छता कर्मियों की कलाई पर राखी बांधी और उन्हें मिठाई खिलाकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। इसके बदले स्वच्छता कर्मियों ने बच्चियों को नेग देकर उनका उत्साह बढ़ाया। नगर पंचायत अध्यक्ष गीता सिंह और ईओ देवहूती पांडेय ने भी बच्चियों को उपहार प्रदान किए। अध्यक्ष गीता सिंह ने कहा कि स्वच्छता कर्मी पूरे नगर को साफ-सुथरा रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके योगदान को सम्मान देना समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि एक-दूसरे की सुरक्षा, सम्मान और जिम्मेदारी का संकल्प लेने का अवसर भी है। ईओ देवहूती पांडेय ने कहा कि स्वच्छता कर्मियों के साथ रक्षाबंधन का यह आयोजन आपसी सम्मान और सामाजिक समरसता का संदेश देता है। उन्होंने लोगों से नगर को स्वच्छ रखने में सहयोग करने की अपील की। कार्यक्रम में नगर पंचायत के कर्मचारी, स्वच्छता कर्मी और बच्चियां मौजूद रहीं। आयोजन के दौरान उत्साह और अपनत्व का माहौल बना रहा।