माइक से अजान देते समय करंट से वृद्ध की मौत

   माइक से अजान देते समय करंट से वृद्ध की मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। जाफरगंज थाना क्षेत्र के डांडा सहिमलपुर गांव में बुधवार की सुबह ईद-ए-मिलादुन्नबी के मौके पर दर्दनाक हादसा हो गया। फज्र की नमाज से पहले मस्जिद में अजान देने के दौरान माइक में अचानक विद्युत करंट उतरने से 80 वर्षीय बुजुर्ग मुअज्जिन की करंट की चपेट में आकर मौत हो गई। हादसे के बाद त्योहार की खुशियां मातम में बदल गईं।
जानकारी के अनुसार डांडा सहिमलपुर निवासी ननकू पुत्र खुदाबख्श गांव की मस्जिद की देखरेख करते थे और वहीं मुअज्जिन की जिम्मेदारी भी संभालते थे। बुधवार की सुबह वह फज्र की नमाज के लिए लोगों को मस्जिद पहुंचने की अपील कर रहे थे। इसी दौरान अचानक माइक में विद्युत करंट प्रवाहित हो गया, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोगों और ग्रामीणों में कोहराम मच गया। हादसे से पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। त्योहार का माहौल देखते ही देखते मातमी माहौल में बदल गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।
—————————————- 


 सर्पदंश से युवती की मौत, वृद्ध की हालत गंभीर
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। जनपद के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के अर्न्तगत बुधवार की सुबह युवती समेत वृद्ध को सर्प ने डस लिया। जिन्हे उपचार के लिए सदर अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सक ने युवती को मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार हुसैनगंज थाना क्षेत्र के कैथपुरवा गांव निवासी हरिश्चन्द्र की 18 वर्षीय पुत्री सुमन बुधवार की सुबह घरेलू कार्य कर रही थी। इसी दौरान जहरीले सर्प ने उसे डस लिया। इसी प्रकार गाजीपुर थाना क्षेत्र के परसेठा गांव निवासी स्व0 बोधी का 65 वर्षीय पुत्र जगतपाल सुबह खेतो में काम कर रहा था। तभी सर्प ने उसे डस लिया। इसकी जानकारी जब घर वालो को हुयी तो तत्काल एम्बुलेंस द्वारा उपचार के लिए सदर अस्पताल लाया गया। जहां इमरजेन्सी में तैनात चिकित्सक ने सुमन को मृत घोषित कर दिया।
————————————– 


बाइक गाय से टकरायी, पिता-पुत्र व पुत्री जख्मी
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के चौफेरवा के समीप बुधवार की सुबह सड़क पार कर रही गाय से बाइक टकरा जाने से पिता पुत्र व पुत्री घायल हो गये। जिन्हे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार किशनपुर थाना क्षेत्र के इटरौरा गांव निवासी स्व0 रत्तू का 80 वर्षीय पुत्र रामप्रसाद अपने 25 वर्षीय पुत्र चन्द्रशेखर व 45 वर्षीय पुत्री रेखा देवी पत्नी रमेश निवासी औरेई थाना थरियांव के साथ बाइक से हुसैनगंज थाना क्षेत्र के बेरा गढीवा रिश्तेदारी में जा रहे थे। जैसे ही यह लोग चौफेरवा के समीप पहुचे तभी सड़क पार कर रही गाय से बाइक टकरा गयी जिससे तीनों घायल हो गये। वहीं सूचना पाकर मौके में पहुंची सरकारी एम्बुलंेस ने सभी घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *