पीएचसी में छह डॉक्टरों की जगह दो से चल रहा काम, प्रसूति कक्ष में स्टाफ नहीं

 किसान यूनियन की बैठक में स्वास्थ्य व पशुओं की उठी समस्याएं
पीएचसी में छह डॉक्टरों की जगह दो से चल रहा काम, प्रसूति कक्ष में स्टाफ नहीं
– एक माह में व्यवस्था दुरुस्त न होने पर बड़ी पंचायत की चेतावनी
फोटो परिचय-  नवमनोनीत पदाधिकारियों का माला पहनाकर स्वागत करते अतिथि।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज असोथर, फतेहपुर। भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक ब्लॉक इकाई की मासिक बैठक ब्लाक मुख्यालय स्थित सभागार में हुई। अध्यक्षता ब्लॉक महामंत्री दिनेश प्रताप सिंह चौहान ने की। बैठक में किसानों ने क्षेत्र की स्वास्थ्य, पशु चिकित्सा और मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं उठाईं।
किसान नेताओं ने असोथर नगर पंचायत स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताई। पदाधिकारियों ने कहा कि पीएचसी में छह चिकित्सकों के पद के सापेक्ष केवल दो डॉक्टरों से काम चलाया जा रहा है, वहीं प्रसूति कक्ष में भी पर्याप्त स्टाफ नहीं है। बैठक के दौरान प्रभारी चिकित्सक डॉ. शैलेश पहुंचे और किसानों को जल्द व्यवस्था में सुधार का आश्वासन दिया। महामंत्री दिनेश प्रताप सिंह चौहान ने तत्काल सीएमओ से फोन पर वार्ता कर समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि यदि एक माह के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो संगठन की ओर से बड़ी पंचायत आयोजित कर आंदोलन किया जाएगा। बैठक में घाटमपुर ग्राम सभा स्थित श्मशान घाट की बदहाली का मुद्दा भी उठा। पदाधिकारियों ने बताया कि वहां शौचालय और पेयजल की व्यवस्था नहीं है। चारों ओर घास-फूस उगी होने से जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा बना रहता है। इस संबंध में बीडीओ रत्नाकर त्रिपाठी को अवगत कराकर जल्द समाधान की मांग की गई। पशुओं में फैल रही लंपी बीमारी को लेकर पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रदीप गुप्ता से प्रत्येक ग्रामसभा में शिविर लगाकर पशुओं का टीकाकरण कराने की मांग की गई। बैठक में संगठन का विस्तार भी किया गया। पूर्व ब्लॉक उपाध्यक्ष को संगठन विरोधी गतिविधियों के आरोप में निष्कासित किया गया। उनके स्थान पर गुड्डू अग्निहोत्री को ब्लॉक उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया। पुरुषोत्तम सिंह को विधिक सलाहकार, महामाया सिंह को सचिव, अंशुमान सिंह को महासचिव और अनुज दुबे को सचिव बनाया गया। सरकंडी और जमलामऊ समेत कई ग्रामसभाओं की कार्यकारिणी का भी गठन किया गया। अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ में मो. रहीस को उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया। बैठक में संरक्षक शिवबदन सिंह भदौरिया, युवा ब्लॉक अध्यक्ष अजय सिंह चौहान, उपाध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष लक्ष्मी चंद्र आर्य, तहसील सचिव कैलाश चंद्र शुक्ला, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ अध्यक्ष लल्ला खान सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *