किसानों की फसलें बर्बाद करने का दावा,खदान पर अवैध खनन के आरोप

   परासन मौरंग खदान पर अवैध खनन के आरोप, किसानों की फसलें बर्बाद करने का दावा

दीपक धुरिया अज़रा न्यूज़ जालौन। जनपद के परासन क्षेत्र स्थित मौरंग खदान में कथित अवैध खनन और किसानों की फसलों को नुकसान  पहुंचाने का मामला सामने आया है। स्थानीय किसानों ने खदान संचालकों और उनके सहयोगियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से शिकायत की है। किसानों का कहना है कि खनन निर्धारित सीमा से बाहर किया जा रहा है और भारी वाहनों को उनके खेतों से जबरन निकालकर फसलों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है।

किसानों के मुताबिक, खेतों से भारी वाहनों की आवाजाही के कारण उनकी खड़ी फसलें बर्बाद हो रही हैं। विरोध करने पर कथित तौर पर उन्हें जान से मारने की धमकियां भी दी जा रही हैं। इससे किसानों में नाराजगी है और उन्होंने मामले में प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है। अपनी शिकायत लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे किसानों ने शिकायती पत्र सौंपते हुए नुकसान का आकलन कराकर मुआवजा दिलाने, निर्धारित सीमा से बाहर हो रहे कथित अवैध खनन पर रोक लगाने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। किसानों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और उनकी जमीन व फसलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है। वहीं, मामले को लेकर प्रशासन की ओर से जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने की बात सामने आई है। अब देखना होगा कि जांच में किसानों द्वारा लगाए गए आरोपों की कितनी पुष्टि होती है और प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *