सींगपुरा की छह निराश्रित बच्चियों की मदद को आगे आया लेखपाल संगठन

 सींगपुरा की छह निराश्रित बच्चियों की मदद को आगे आया लेखपाल संगठन

करीब 11 हजार रुपये का राशन और गृहस्थी का सामान उपलब्ध कराया, सुरक्षित आवास व शिक्षा की भी होगी व्यवस्था

संवाददाता दीपक धुरिया जालौन सींगपुरा– आर्थिक तंगी और बदहाल परिस्थितियों में जीवन गुजार रही ग्राम सींगपुरा की छह निराश्रित बच्चियों की मदद के लिए लेखपाल संगठन आगे आया है। बच्चियों की स्थिति की जानकारी मिलने के बाद संगठन ने तत्काल सहायता की पहल करते हुए करीब 11 हजार रुपये का राशन उपलब्ध कराया। इसके साथ ही बच्चियों की बुनियादी जरूरतों को पूरा करने के लिए गृहस्थी का आवश्यक सामान भी जुटाया गया है। बताया गया कि छह बच्चियों की उम्र करीब 3 से 13 वर्ष के बीच है। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब होने के कारण बच्चियों के सामने भोजन, आवास और रोजमर्रा की जरूरतों को लेकर मुश्किलें बनी हुई थीं। यहां तक कि उनके पास जरूरी बर्तन, गैस चूल्हा और अन्य गृहस्थी का सामान भी उपलब्ध नहीं था। लेखपाल संगठन की ओर से अब इन आवश्यक वस्तुओं की व्यवस्था कर दी गई है, जिन्हें जल्द ही बच्चियों तक पहुंचाया जाएगा। तहसील अध्यक्ष की ओर से गैस सिलेंडर भी भिजवाया जा रहा है।

बच्चियों के घर की खराब स्थिति को देखते हुए घर के समतलीकरण की दिशा में भी पहल शुरू कर दी गई है। इसके लिए बच्चियों के चाचा और ग्राम प्रधान से बातचीत की गई है। समतलीकरण का कार्य पूरा होने के बाद बच्चियों के लिए एक कमरा और हॉल का निर्माण कराने की योजना है। साथ ही शौचालय की व्यवस्था कराना भी प्राथमिकता में रखा गया है, ताकि बच्चियों को बुनियादी सुविधाएं मिल सकें। वहीं बच्चियों के नाम पर उपलब्ध 50,700 रुपये की धनराशि में से 700 रुपये उन्हें तत्काल दे दिए गए हैं। शेष 50 हजार रुपये बड़ी बच्ची की इच्छा के अनुसार उसका बैंक खाता खुलवाकर उसमें जमा किए जाएंगे। तब तक यह राशि उसकी अमानत के रूप में सुरक्षित रखी जाएगी। बड़ी बच्ची को बैंक खाता स्वयं संचालित करने का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, जिससे वह भविष्य में अपने पैरों पर खड़ी होकर आत्मनिर्भर बन सके। बताया गया कि छह बच्चियों में दो अभी जूनियर स्तर पर पढ़ाई कर रही हैं। संगठन का उद्देश्य केवल तत्काल आर्थिक मदद तक सीमित न रहकर बच्चियों को सुरक्षित आवास, शिक्षा, भोजन और जरूरी घरेलू सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इस पहल से बच्चियों के भविष्य को बेहतर बनाने की उम्मीद जगी है। इस दौरान जिलाध्यक्ष ब्रजेश जाटव, सुधा अग्रवाल, पूजा राजपूत (क्षेत्रीय लेखपाल), मयंक यादव, वैभव त्रिपाठी, ऋषभ पटेल, विक्रांत, आकाश तिवारी, गोलू समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *