मत्स्य संपदा योजना में 27 सितंबर तक करें आवेदन,अन्य लघु ख़बरों के साथ

    मत्स्य संपदा योजना में 27 सितंबर तक करें आवेदन
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज अज़रा न्यूज फतेहपुर। प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत विभिन्न परियोजनाओं में लाभार्थियों को आच्छादित करने के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया एक बार फिर शुरू कर दी गई है। मत्स्य विभाग का विभागीय पोर्टल 20 सितंबर से 27 सितंबर तक आवेदन के लिए खुला रहेगा। इच्छुक पात्र लाभार्थी निर्धारित अवधि में ऑनलाइन आवेदन कर योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
जनपद प्रभारी मत्स्य विभाग ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2020-21 से संचालित प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत उपलब्ध अवशेष लक्ष्य के सापेक्ष विभिन्न परियोजनाओं के लिए आवेदन मांगे जा रहे हैं। इनमें जलाशय में 65 हजार मत्स्य अंगुलिकाओं का संचय (सामान्य, महिला एवं अनुसूचित जाति वर्ग), बैकयार्ड आरएएस (महिला वर्ग) तथा पारंपरिक मछुआरा परिवारों के लिए आजीविका एवं पोषण संबंधी सहायता (सामान्य, महिला एवं अनुसूचित जाति वर्ग) शामिल हैं। योजना से संबंधित जानकारी किसी भी कार्य दिवस में मत्स्य विभाग के जनपदीय, मंडलीय अथवा मत्स्य निदेशालय के कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।
————————————————- 
    दशमोत्तर छात्रवृत्ति के आवेदन शुरू, 31 अक्टूबर तक मौका

एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज अज़रा न्यूज फतेहपुर। दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के तहत कक्षा 12 से उच्चतर कक्षाओं में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी शिवेन्द्र कुमार ने बताया कि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, सामान्य, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक वर्ग के पात्र छात्र-छात्राएं निर्धारित समय में आवेदन कर सकते हैं।
नवीनीकरण वाले छात्र 15 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन कर हार्डकॉपी शिक्षण संस्था में जमा करेंगे। वहीं शिक्षण संस्थानों को 25 अक्टूबर तक बायोमेट्रिक सत्यापन, प्राप्तांक, पूर्णांक एवं उपस्थिति दर्ज करने के साथ पात्र आवेदनों का सत्यापन कर ऑनलाइन अग्रसारित करना होगा। नवीन छात्र 31 अक्टूबर तक ऑनलाइन पंजीकरण व आवेदन कर सकेंगे। आवेदन का अंतिम प्रिंट 2 नवंबर तक निकालना होगा, जबकि आवश्यक संलग्नकों सहित हार्डकॉपी 4 नवंबर तक शिक्षण संस्था में जमा करनी होगी। संस्थानों को आवेदनों का ऑनलाइन सत्यापन एवं अग्रसारण 10 नवंबर तक सुनिश्चित करना होगा।
——————————————- 
26 को लगेगा रोजगार मेला, पोर्टल पर पंजीकरण जरूरी

एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज अज़रा न्यूज — फतेहपुर। नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए रोजगार का मौका सामने आया है। जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से 26 सितंबर को ठा. युगराज सिंह महाविद्यालय जीटी रोड में रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। सुबह दस बजे से शुरू होने वाले मेले में जनपद एवं प्रदेश स्तर की विभिन्न कंपनियां पहुंचकर अभ्यर्थियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएंगी।
जिला सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि यह रोजगार मेला सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित किया जा रहा है। मेले में प्राइम कनेक्ट सर्विसेज, भारतीय जीवन बीमा निगम, टाटा मोटर्स, ग्रो फास्ट फर्टिलाइजर्स लिमिटेड तथा ब्राइट फ्यूचर ऑर्गेनिक हर्बल्स एंड आयुर्वेदिक कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों का रोजगार संगम पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य किया गया है। ऐसे में इच्छुक अभ्यर्थी समय रहते पोर्टल पर अपना पंजीकरण कराएं और 26 सितंबर को सुबह 10 बजे निर्धारित स्थल पर पहुंचकर रोजगार मेले में प्रतिभाग करें।
——————————————- 
   ओवरटेक में दो बाइकों की भिड़ंत, दो युवक घायल

एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज अज़रा न्यूज खागा, फतेहपुर। खखरेरू थाना क्षेत्र के शिवपुरी गांव के समीप कोट रोड पर ओवरटेक करने के दौरान दो मोटरसाइकिलों की भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायलों को एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खखरेरू पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों को मंझनपुर रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार कोट निवासी मो. साजी (26) अपने दोस्त मो. नुमान (22) के साथ बाइक से खखरेरू से गांव लौट रहे थे। शिवपुरी गांव के पास बीबीएफ ईंट भट्ठे के समीप पीछे से आ रहे खखरेरू निवासी संदीप अग्रहरि की बाइक ने ओवरटेक करते समय उनकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे में मो. साजी के दाहिने हाथ और घुटने में चोट आई, जबकि मो. नुमान के सिर समेत पूरे शरीर में चोटें बताई गई हैं। घायल मो. साजी ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर बाइक सवार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कार्यवाहक थानाध्यक्ष श्याम सुंदर गिरि ने बताया कि शिकायती पत्र प्राप्त हुआ है। मामले की जांच कर तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *