रोजगार,आवास,किसान कल्याण,महिला सशक्तिकरण विकास कार्यों की दी जानकारी

 चित्र प्रदर्शनी में खिलाड़ियों ने जाना योजनाओं का हाल
– रोजगार, आवास, किसान कल्याण, महिला सशक्तिकरण समेत विकास कार्यों की दी जानकारी
फोटो परिचय- प्रेक्षागृह में चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन करते खिलाड़ी।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल के उपलक्ष्य में आयोजित सेवा संकल्प अभियान जन सेवा से देश सेवा के तहत सरदार वल्लभ भाई पटेल प्रेक्षागृह में सूचना विभाग की ओर से सरकार की योजनाओं, परियोजनाओं एवं उपलब्धियों पर आधारित लगाई गई चित्र प्रदर्शनी में गुरुवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम एवं स्पोर्ट्स कॉलेज के प्रशिक्षु खिलाड़ियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विभिन्न योजनाओं की जानकारी हासिल की।

जिला सूचना अधिकारी ने बताया कि प्रदर्शनी में रोजगार, आवास, किसान कल्याण, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, कृषि, कौशल विकास, स्वरोजगार, एमएसएमई, पर्यटन एवं सांस्कृतिक विरासत समेत विभिन्न क्षेत्रों में संचालित योजनाओं और उपलब्धियों को चित्रों व फ्लेक्स के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, रोजगार एवं सरकारी नौकरी, एमएसएमई इकाइयों, कानून-व्यवस्था, एयरपोर्ट विस्तार और स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित जानकारी प्रमुखता से प्रदर्शित की गई है। वहीं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के साथ कृषि क्षेत्र में ड्रोन के उपयोग, सोलर पंप, कृषि यंत्र, मंडियों के आधुनिकीकरण तथा ई-श्रम और ई-नाम जैसी डिजिटल सुविधाओं की भी जानकारी दी गई है। महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं में वन स्टॉप सेंटर, निराश्रित महिला पेंशन, महिला श्रम बल भागीदारी व मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना को शामिल किया गया है। प्रदर्शनी में काशी, अयोध्या और प्रयागराज समेत प्रदेश के विभिन्न धार्मिक, ऐतिहासिक एवं पर्यटन स्थलों तथा सांस्कृतिक आयोजनों की जानकारी भी दी गई है। जिला सूचना अधिकारी ने जनपदवासियों से अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शनी का अवलोकन कर जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *