आधुनिक खेती की तकनीक सीखने किसान अयोध्या रवाना

  आधुनिक खेती की तकनीक सीखने किसान अयोध्या रवाना
फोटो परिचय- अयोध्या जनपद के लिए रवाना होता किसानों का दल।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। त्वरित मक्का विकास कार्यक्रम के तहत राज्य स्तरीय कृषक भ्रमण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जिले के पचास किसानों का दल आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या के लिए रवाना हुआ। उर्मिला सामाजिक जन कल्याण सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित इस शैक्षणिक भ्रमण के दौरान किसानों को वैज्ञानिक एवं आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी जाएगी।

उप कृषि निदेशक रामजतन मिश्र ने कहा कि कृषि संस्थानों के भ्रमण से किसानों को फसल विविधीकरण, उन्नत कृषि तकनीक, प्राकृतिक एवं टिकाऊ खेती व मिट्टी के स्वास्थ्य प्रबंधन की बारीकियां सीखने का अवसर मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि किसान भ्रमण के दौरान सीखी गई तकनीकों को अपने खेतों में अपनाने के साथ ही दूसरे किसानों को भी आधुनिक खेती के लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने बताया कि आत्मा योजना के तहत आयोजित यह भ्रमण किसानों के ज्ञान और क्षमता में वृद्धि करने में सहायक होगा। किसानों को सब्जी एवं बागवानी की आधुनिक तकनीक के साथ कृषि तकनीक, खाद्य प्रसंस्करण, कटाई के बाद फसल प्रबंधन और मिलेट्स के उत्पादन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी भी दी जाएगी। संस्था के सचिव अनुज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि किसानों को प्रशिक्षण के दौरान आधुनिक कृषि पद्धतियों का व्यावहारिक ज्ञान दिलाने पर जोर रहेगा, जिससे वे अपनी खेती को अधिक वैज्ञानिक व लाभकारी बना सकें। भ्रमण दल में राकेश, कल्लू पाल, सुरेंद्र, सोनम, बिट्टू, रेखा, कविता, रीता देवी सहित अन्य किसान शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *