नगर निकायों में रातभर चला विशेष अभियान, सफाई मित्रों से संवाद कर दिए जरूरी निर्देश

    देर रात सड़कों पर उतरे डीएम, सफाई व्यवस्था परखी

नगर निकायों में रातभर चला विशेष सफाई अभियान, सफाई मित्रों से संवाद कर दिए जरूरी निर्देश

संवाददाता दीपक धुरिया अज़रा न्यूज़ जालौन। शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी समीर ने देर रात विभिन्न इलाकों का निरीक्षण किया। अचानक मौके पर पहुंचे डीएम ने प्रमुख मार्गों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर चल रहे सफाई कार्यों का जायजा लिया।

उन्होंने मौके पर मौजूद सफाई मित्रों से बातचीत कर अभियान की प्रगति और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने सफाई कार्य में जुटे कर्मचारियों की सराहना करते हुए निर्देश दिए कि विशेष सफाई अभियान को महज औपचारिकता तक सीमित न रखा जाए, बल्कि नियमित रूप से प्रभावी ढंग से जारी रखा जाए। उनके निर्देश पर जिले के सभी नगर निकायों और नगर पंचायतों में रातभर विशेष सफाई अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान बाजारों, मुख्य मार्गों, चौराहों, धार्मिक स्थलों, नालियों और सार्वजनिक स्थानों के साथ ही भीतरी व आवासीय क्षेत्रों में भी सफाई कराई गई। जगह-जगह जमा कूड़े को एकत्र कर उसका नियमानुसार निस्तारण कराया गया। सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निकायों के उपलब्ध संसाधनों और कर्मचारियों को अभियान में लगाया गया। डीएम समीर ने कहा कि शहर और कस्बों को स्वच्छ बनाए रखना सिर्फ प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है। इसमें आम नागरिकों की भागीदारी भी उतनी ही जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालें और अपने आसपास गंदगी जमा न होने दें। उन्होंने कहा कि प्रशासन सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है, लेकिन जनसहयोग के बिना स्वच्छ और सुंदर शहर का लक्ष्य पूरी तरह हासिल नहीं किया जा सकता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *