जालौन कलेक्ट्रेट में सजी जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी

     जालौन कलेक्ट्रेट में सजी जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी, जनप्रतिनिधियों ने किया शुभारंभ

दीपक धुरिया अज़रा न्यूज़ जालौन। ‘सेवा संकल्प अभियान-जन सेवा से देश सेवा’ के तहत सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से चित्र प्रदर्शनी के साथ विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए। प्रदर्शनी का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी, माधौगढ़ विधायक मूलचन्द्र निरंजन, कालपी विधायक के प्रतिनिधि आशू चतुर्वेदी, जिलाधिकारी समीर, परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी और नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार ने फीता काटकर किया।

उद्घाटन के बाद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और लाभ के संबंध में जानकारी ली। सूचना विभाग की चित्र प्रदर्शनी में जिले में कराए गए विकास कार्यों और जनहित में संचालित योजनाओं को प्रदर्शित किया गया, जबकि विभागीय स्टॉलों पर केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी लोगों को दी गई। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी ने कहा कि किसी भी जनकल्याणकारी योजना का उद्देश्य तभी पूरा होता है, जब उसकी जानकारी पात्र व्यक्ति तक पहुंचे और उसे समय पर लाभ मिले।

उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रदर्शनी लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम हैं। माधौगढ़ विधायक मूलचन्द्र निरंजन ने कहा कि सरकार समाज के सभी वर्गों के विकास और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से इन योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाना सराहनीय प्रयास है। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं की पात्रता और प्रक्रिया को सरल भाषा में समझाने पर जोर दिया, ताकि जानकारी के अभाव में कोई पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे।

जिलाधिकारी समीर ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं की जानकारी सरल, स्पष्ट और सहज भाषा में उपलब्ध कराई जाए तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि विभागीय स्टॉल केवल जानकारी देने तक सीमित न रहें, बल्कि लोगों की जिज्ञासाओं और समस्याओं का समाधान भी मौके पर किया जाए। प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे, जिन्होंने लोगों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले लाभ के बारे में जानकारी दी। कलेक्ट्रेट परिसर में लगी यह प्रदर्शनी आमजन के लिए सरकार की योजनाओं और जिले में संचालित विकास कार्यों को एक ही स्थान पर समझने का उपयोगी माध्यम बनी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *