सीवर व पाइप लाइन की खुदाई से शहर बेहाल, जाम का जंजाल
सीवर व पाइप लाइन की खुदाई से शहर बेहाल, जाम का जंजाल
सीवर व पाइप लाइन की खुदाई से शहर बेहाल, जाम का जंजाल
– गड्ढों व मिट्टी के ढेरों ने बढ़ाई मुसीबत, राहगीर व स्कूली बच्चे होते परेशान
फोटो परिचय- पत्थरकटा से बिन्दकी बस स्टाप रोड पर लगे जाम का दृश्य। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। शहर में सीवर लाइन व पाइप लाइन बिछाने के लिए जगह-जगह हो रही खुदाई अब नगरवासियों के लिए मुसीबत का सबब बनती जा रही है। सड़कों पर बने बड़े-बड़े गड्ढे, फुटपाथों पर मिट्टी के ढेर और संकरे रास्तों के चलते शहर के प्रमुख मार्गों पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। हालात ऐसे हैं कि कुछ मिनटों का सफर तय करने में लोगों को घंटों लग रहे हैं। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को उठानी पड़ रही है। बसों में सवार बच्चे लंबे समय तक जाम में फंसे रहते हैं और बेहाल हो जाते हैं। शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था ने आम नागरिकों की दिनचर्या को भी प्रभावित कर दिया है।
सीवर लाइन व पाइप लाइन के लिए शहर के अलग-अलग मार्गों पर लगातार खुदाई की जा रही है। इसके चलते सड़कें जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गई हैं। फुटपाथों पर मिट्टी के ढेर और गहरे गड्ढे होने से पैदल चलने वालों के साथ ही दोपहिया और चार पहिया वाहन चालकों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर सड़क की चौड़ाई कम होने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है और देखते ही देखते वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। जाम में फंसे लोग गर्मी और उमस के बीच पसीना बहाते हुए रास्ता खुलने का इंतजार करते रहते हैं। शहर के मार्गों पर लगने वाले जाम का सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों पर पड़ रहा है। यातायात पुलिस की मौजूदगी भी लोगों को नाकाफी नजर आ रही है। कई स्थानों पर दो-तीन यातायात कर्मियों को ही वाहनों की लंबी कतारों को नियंत्रित करने और जाम खुलवाने के लिए मशक्कत करनी पड़ती है। सीवर लाइन बिछाने का काम अभी शुरुआती दौर में है और शहरवासियों को अभी से जाम के झाम से जूझना पड़ रहा है। ऐसे में जब सीवर लाइन का काम व्यापक स्तर पर आगे बढ़ेगा, तब शहर की यातायात व्यवस्था का क्या हाल होगा, इसे लेकर लोगों की चिंता बढ़ने लगी है।