पेट्रोल पंप के चलते बदलेगा नगर का पटाखा बाजार, स्थलों का किया निरीक्षण
पेट्रोल पंप के चलते बदलेगा नगर का पटाखा बाजार, स्थलों का किया निरीक्षण
पेट्रोल पंप के चलते बदलेगा नगर का पटाखा बाजार
– एसडीएम, सीओ व कोतवाल ने स्थलों का किया निरीक्षण
फोटो परिचय- स्थलों का निरीक्षण करते एसडीएम, सीओ व कोतवाल। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज खागा, फतेहपुर। दीपावली पर पटाखों की दुकानों को सुरक्षित स्थान पर लगाने की तैयारी तेज हो गई है। जिलाधिकारी के निर्देश पर गुरुवार को खागा प्रशासन की टीम ने पटाखा बाजार के लिए उपयुक्त स्थल तलाशने को विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया। पहले लक्ष्मी राइस मिल परिसर में पटाखा बाजार लगाया जाता था, लेकिन अब उसके नजदीक पेट्रोल पंप खुल जाने के कारण सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। इसे देखते हुए प्रशासन नए और सुरक्षित स्थान के चयन में जुट गया है।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम खागा अश्वनी कुमार पांडेय, सीओ रवि प्रकाश सिंह, नगर पंचायत खागा की अधिशासी अधिकारी देवहूति पांडेय व खागा कोतवाल संजय पांडेय मौजूद रहे। अधिकारियों ने लक्ष्मी राइस मिल परिसर के साथ रानी चंद्रप्रभा महाविद्यालय के खेल मैदान का भी जायजा लिया। टीम ने पटाखा दुकानों के लिए स्थल की उपयुक्तता और सुरक्षा के पहलुओं को ध्यान में रखते हुए निरीक्षण किया। प्रशासन का उद्देश्य पटाखा बाजार को आबादी से दूर सुरक्षित स्थान पर स्थापित करना है, ताकि दीपावली के दौरान भीड़भाड़ के बीच किसी तरह की अप्रिय घटना की आशंका को कम किया जा सके।
अधिकारियों के मुताबिक, सुरक्षित स्थल चिह्नित होने के बाद पटाखा लाइसेंस धारकों को नियमानुसार दुकानें आवंटित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। अब सभी की निगाहें प्रशासन के अंतिम निर्णय पर टिकी हैं कि इस बार खागा में पटाखा बाजार कहां सजाया जाएगा।