बांदा केंद्रीय पूजा महोत्सव समिति की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न

 बांदा केंद्रीय पूजा महोत्सव समिति की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न
– दुर्गा पूजा की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने दिया सहयोग का आश्वासन
– केंद्रीय दुर्गा पूजा महोत्सव समिति की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न, ध्वनि प्रदूषण पर विशेष जोर
–
ब्यूरो सुरेंद्र धुरिया अज़रा न्यूज बांदा — आगामी नवरात्रि एवं दुर्गा पूजा महोत्सव को भव्य, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से आज मंडपम सभागार में बांदा केंद्रीय पूजा महोत्सव समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय पूजा महोत्सव समिति के अध्यक्ष अमित सेठ भोलू ने की। इसमें शहर के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों के पदाधिकारियों, केंद्रीय समिति के सदस्यों तथा पुलिस प्रशासन, जिला प्रशासन, नगर पालिका, विद्युत विभाग और जल संस्थान के अधिकारियों ने सहभागिता की। बैठक में दुर्गा पूजा महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, विद्युत आपूर्ति और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को अधिकारियों के सामने रखते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की। बैठक में पंडालों के पदाधिकारियों ने बताया कि कई मोहल्लों में जहां मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की जानी हैं, वहां सड़कें खराब हैं, नालियां टूटी हुई हैं और जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हैं। उन्होंने नगर पालिका से महोत्सव से पहले साफ-सफाई कराने तथा सड़कों और नालियों की मरम्मत कराने की मांग की, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो। इसके साथ ही विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने, शहर को बिजली कटौती से मुक्त रखने तथा विभिन्न स्थानों पर नीचे लटक रहे बिजली के तारों को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग भी उठाई गई। जल संस्थान से संबंधित समस्याओं के समाधान पर भी जोर दिया गया। बैठक में महिलाओं की सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता देने की मांग की गई। समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि सुबह लगभग तीन बजे से ही महिलाएं पूजा-अर्चना के लिए मंदिरों में पहुंचने लगती हैं। ऐसे में प्रमुख मंदिरों, दुर्गा पूजा पंडालों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस एवं महिला पुलिसकर्मियों की पर्याप्त तैनाती की जाए। इसके अलावा दुर्गा पूजा महोत्सव के दौरान शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रखने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने की मांग की गई। पदाधिकारियों ने दस दिनों तक मदिरा की दुकानों को पूर्णतः बंद रखने और आवारा पशुओं की समस्या पर भी आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया। समिति के महामंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष कल्लू सिंह राजपूत ने सभी दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारियों से अपने-अपने पंडालों में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि भक्ति गीत मधुर ध्वनि में बजाए जाएं, जिससे धार्मिक वातावरण बना रहे और आमजन, बच्चों एवं बुजुर्गों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। समिति के प्रमुख संरक्षक राजकुमार शिवहरे ने कहा कि नवरात्रि एवं दुर्गा पूजा बांदा का ऐतिहासिक और आस्था से जुड़ा पर्व है। इसे पूरे उत्साह, भव्यता और उल्लास के साथ मनाया जाना चाहिए। साथ ही, सभी समितियों को अनुशासन बनाए रखते हुए प्रशासन के नियमों का पालन करना चाहिए, ताकि महोत्सव शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो।वहीं, काली देवी मंदिर के महंत श्री मुन्ना नंद सरस्वती ने महोत्सव के दौरान आवारा पशुओं की समस्या पर रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की। चंद्र मोहन बेदी ने विसर्जन घाट की व्यवस्थाओं की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि अभी पर्याप्त समय है, इसलिए विसर्जन घाट को जल्द से जल्द दुरुस्त कराया जाए, ताकि प्रतिमा विसर्जन के समय श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने सभी समिति पदाधिकारियों को आश्वस्त किया कि दुर्गा पूजा महोत्सव के दौरान पुलिस प्रशासन की ओर से पूरा सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस उपलब्ध रहेगी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।नगर मजिस्ट्रेट ने भी आश्वासन दिया कि नगर पालिका, विद्युत विभाग और जल संस्थान से संबंधित समस्याओं का शीघ्र निस्तारण कराने का प्रयास किया जाएगा। प्रशासन की ओर से महोत्सव को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए हरसंभव सहयोग देने की बात कही गई। नगर पालिका अध्यक्ष के प्रतिनिधि अंकित बसु ने भी सभी दुर्गा पूजा समितियों को आश्वस्त किया कि नगर पालिका से संबंधित किसी भी समस्या या आवश्यक कार्य के लिए उनसे संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करने का भरोसा दिया। बैठक में सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर महोत्सव से पहले आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने पर जोर दिया गया। समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और धार्मिक आयोजन की गरिमा को ध्यान में रखते हुए सभी संबंधित विभाग समय रहते अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।बैठक का संचालन संजय काकोनिया ने किया। अंत में सभी पदाधिकारियों ने आपसी सहयोग, अनुशासन और समर्पण के साथ मां दुर्गा के महोत्सव को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने का संकल्प व्यक्त किया। बैठक में विधायक प्रतिनिधि रजत सेठ, अशोक गुप्ता, बीके सिंह, बड़े भैया, श्रीमती विनोद जैन, गोपाल चंद्र अवस्थी, शिव प्रसाद अवस्थी, मनोज जैन, कमलेश गुप्ता, अवधेश कपूर, राकेश बाजपेई, सुनील सक्सेना, श्रीमती वंदना गुप्ता श्रीमती रेखा भटनागर, रामाश्रय गुप्ता पप्पू राकेश गुप्ता दादू दीपक अवस्थी, अभिषेक पांडे, रमाशंकर राजपूत, लखन राजपूत, जितेंद्र राज साहू सौरभ गुप्ता, सचिन चौरसिया, बिहारी साहू, अविनाश निगम, मुदित शर्मा, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी चंद चौधरी, सीओ सिटी सौरभ सिंह, विद्युत विभाग के एसडीओ, जल संस्थान के अधिशासी अधिकारी छोटू धुरिया सहित केंद्रीय समिति एवं विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों के अनेक पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। समिति ने विश्वास जताया कि प्रशासन और सभी पूजा समितियों के सामूहिक प्रयासों से बांदा में दुर्गा पूजा महोत्सव श्रद्धा, भव्यता, अनुशासन और सामाजिक सद्भाव के साथ संपन्न होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *