एमएलसी चुनाव: 25 पोलिंग पार्टियां रवाना, तीन रिजर्व में रहेंगी

    एमएलसी चुनाव: 25 पोलिंग पार्टियां रवाना, तीन रिजर्व में रहेंगी
– डीएम ने कलेक्ट्रेट से मतदान कार्मिकों को किया रवाना
– निष्पक्ष व शांतिपूर्ण मतदान के दिए निर्देश
फोटो परिचय-  कलेक्ट्रेट से मतदान कार्मिकों को रवाना करतीं जिला निर्वाचन अधिकारी।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के कल (आज) होने वाले द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को सकुशल, निष्पक्ष व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। गुरुवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने कलेक्ट्रेट परिसर से पोलिंग पार्टियों को निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया। जनपद में मतदान के लिए 25 पोलिंग पार्टियां तैनात की गई हैं, जबकि तीन पार्टियों को रिजर्व में रखा गया है।

पोलिंग पार्टियों को रवाना करने से पहले कलेक्ट्रेट परिसर में ब्रीफिंग की गई और मतदान से संबंधित आवश्यक सामग्री वितरित की गई। इस दौरान जिलाधिकारी ने मतदान कार्मिकों को निर्देश दिए कि वे भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पूरी निष्पक्षता, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। निर्वाचन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। जिलाधिकारी ने मतदान कार्मिकों को निर्देशित किया कि निर्धारित मतदान केंद्रों पर पहुंचकर निर्वाचन सामग्री का भली-भांति मिलान कर लें। मतदान से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की जांच कर लें, जिससे मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।

उन्होंने निर्वाचन कार्य को पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने पर जोर दिया। जनपद में निर्वाचन के लिए 15 मतदान केंद्रों पर कुल 25 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। स्नातक निर्वाचन के लिए जिले में कुल 17596 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिला प्रशासन की ओर से मतदान को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विनय कुमार पांडेय सहित संबंधित अधिकारी, निर्वाचन कार्मिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *