डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन ने न्यायमूर्ति पर कार्रवाई की उठाई मांग

 हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति के खिलाफ अधिवक्ताओं ने किया प्रदर्शन
– डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन ने न्यायमूर्ति पर कार्रवाई की उठाई मांग
फोटो परिचय- न्यायिक अधिकारी को ज्ञापन सौंपते बार एसोसिएशन के पदाधिकारी।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं अधिवक्ताओं ने न्यायमूर्ति अजय कुमार भनोट के कथित दुर्व्यवहार के विरोध में गुरुवार को न्यायिक कार्य से विरत रहते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया तत्पश्चात ज्ञापन सौंपा। अधिवक्ताओं ने मुख्य न्यायाधीश सर्वाेच्च न्यायालय नई दिल्ली एवं जनपद न्यायाधीश के माध्यम से अपनी मांगें रखीं।

बार एसोसिएशन के अध्यक्ष बाबू सिंह यादव एडवोकेट व महामंत्री अनुराग नारायण मिश्र एडवोकेट की अगुवई में दिए गए ज्ञापन में अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति अजय कुमार भनोट द्वारा उच्च न्यायालय के अधिवक्ताओं के साथ दुर्व्यवहार किया गया तथा जबरन जेल भेजने की धमकी देकर माफी मंगवाए जाने का मामला सामने आया है। इसके विरोध में डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के निर्णय के अनुसार जनपद के अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे। ज्ञापन के माध्यम से अधिवक्ताओं ने मांग की कि न्यायमूर्ति अजय कुमार भनोट के विरुद्ध तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करते हुए उनकी सेवा समाप्त की जाए। साथ ही प्रदेश एवं जनपद के अधिवक्ताओं के मान-सम्मान और सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सरकार के माध्यम से कानून बनाया जाए।

अधिवक्ताओं ने यह भी मांग उठाई कि अधिवक्ताओं के विरुद्ध किसी भी प्रकार की अवमानना कार्यवाही पर रोक लगाई जाए तथा इस संबंध में विधिक प्रावधान किए जाएं। इसके अलावा उच्च न्यायालय एवं सर्वाेच्च न्यायालय के न्यायाधीशों की नियुक्ति के लिए राष्ट्रीय न्यायिक आयोग का गठन करने व वर्तमान कॉलेजियम व्यवस्था समाप्त करने की मांग की गई। ज्ञापन में उत्तर प्रदेश सरकार के माध्यम से अधिवक्ता सुरक्षा कानून बनाए जाने व अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि अधिवक्ताओं के सम्मान, सुरक्षा एवं अधिकारों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम तत्काल उठाए जाने चाहिए। इस मौके पर अधिवक्ताओं में चंदन सिंह, जैद अहमद, गनेश तिवारी, मुलायम सिंह, शक्ति सिंह, अभय सिंह, बृज किशोर उमराव, रमेश चन्द्र वर्मा, बृजेश कुमार, राकेश सिंह, पंकज तिवारी, दीपचन्द्र त्रिपाठी, मो0 आसिफ, राम किशोर विश्वकर्मा आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *