31 शक्तिशाली बाणों से प्रभु श्रीराम ने किया रावण का अंत

31 शक्तिशाली बाणों से प्रभु श्रीराम ने किया रावण का अंत
– जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा हसवा
फोटो परिचय- रामलीला में कार्यक्रम प्रस्तुत करते कलाकार।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज हसवा, फतेहपुर। अधर्म पर धर्म व असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक रावण वध का दृश्य हसवा कस्बे में जीवंत हो उठा। जैसे ही प्रभु श्रीराम ने एक साथ 31 शक्तिशाली बाण चलाकर रावण का अंत किया, पूरा रामलीला मैदान जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा। 226 वर्ष पुरानी ऐतिहासिक श्री स्वामी चंददास रामलीला कमेटी की रामलीला के आठवें दिन करवाचौथ की रात रावण वध की लीला का सुप्रसिद्ध कलाकारों ने शानदार मंचन किया।

श्रीरामचरितमानस की वंदना और प्रभु श्रीराम की आराधना के साथ लीला का शुभारंभ हुआ। मंचन में रावण के छोटे भाई विभीषण ने अपने बड़े भाई को माता सीता को सम्मानपूर्वक वापस करने और प्रभु श्रीराम की शरण में जाने की सलाह दी। इससे क्रोधित होकर रावण ने विभीषण को लंका से निष्कासित कर दिया। इसके बाद विभीषण रामादल पहुंचे, जहां प्रभु श्रीराम ने समुद्र के जल से उनका राजतिलक किया। इसके बाद समुद्र पार करने के लिए प्रभु श्रीराम ने तीन दिनों तक समुद्र की आराधना की, लेकिन मार्ग न मिलने पर धनुष पर बाण चढ़ाया। भयभीत समुद्र देव प्रकट हुए और नल-नील के माध्यम से समुद्र पर सेतु निर्माण का उपाय बताया। लीला में अंतिम अवसर के रूप में युवराज अंगद को रावण के दरबार में समझौते का संदेश लेकर भेजा गया।

अंगद ने रावण को माता सीता को वापस करने की सलाह दी, लेकिन रावण अपने अहंकार पर अड़ा रहा। अंत में अपने सभी प्रमुख योद्धाओं और परिजनों को खोने के बाद रावण स्वयं युद्धभूमि में उतरा। प्रभु श्रीराम और रावण के बीच भीषण युद्ध हुआ। इसी दौरान विभीषण ने रावण की नाभि में अमृत होने का रहस्य बताया। इसके बाद प्रभु श्रीराम ने एक साथ 31 बाण चलाए, जिनके प्रहार से रावण धराशायी हो गया। रावण वध होते ही मैदान जय श्रीराम के नारों से गूंज उठा। प्रभु श्रीराम की आज्ञा से लक्ष्मण रावण के पास नीति और ज्ञान की शिक्षा लेने पहुंचे। इसके साथ ही रामलीला का समापन हुआ। इस अवसर पर रामलीला कमेटी के अध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह, उपाध्यक्ष उदयभान सिंह सहित कमेटी के पदाधिकारी मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर थरियांव थाना प्रभारी शमशेर बहादुर सिंह, चौकी इंचार्ज अमरीश मिश्रा, प्रवीण चौधरी, अजीत कुमार सहित पुलिसकर्मी तैनात रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *