एमएलसी चुनाव में सपा की जीत पर कार्यकर्ताओं ने खिलाए लड्डू

    एमएलसी चुनाव में सपा की जीत पर कार्यकर्ताओं ने खिलाए लड्डू
– 2027 में अखिलेश यादव की सरकार बनने का किया दावा
फोटो परिचय- एमएलसी चुनाव में सपा की जीत पर एक-दूसरे का मुंह मीठा कराते सपाई।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज अमौली, फतेहपुर। इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक सीट पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी मान सिंह यादव की बड़ी जीत से सपाइयों में उत्साह की लहर दौड़ गई। जीत की खुशी में जहानाबाद विधानसभा क्षेत्र के अमौली चौराहे पर सपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने जोरदार जश्न मनाया। सपा नेता नरेश उमराव व पूर्व एमएलसी लवकुश मिश्रा की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को लड्डू खिलाकर जीत की बधाई दी और समाजवादी पार्टी जिंदाबाद के नारे लगाए।

जहानाबाद विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के प्रबल दावेदार नरेश उमराव ने ग्रामीणों व कार्यकर्ताओं को लड्डू खिलाकर खुशी का इजहार किया। उन्होंने कहा कि चुनाव में करीब नौ हजार मतपत्र अवैध घोषित किए गए हैं। यदि हार-जीत का अंतर दो से चार हजार मतों का होता तो इन अवैध मतों को लेकर जीत की स्थिति अलग हो सकती थी, लेकिन सपा प्रत्याशी ने बड़े अंतर से जीत दर्ज कर विरोधियों को ऐसा कोई अवसर नहीं दिया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। उन्होंने चुनाव में ईवीएम के बजाय बैलेट पेपर से मतदान कराने की मांग करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती और निष्पक्षता के लिए बैलेट पेपर से चुनाव कराया जाना चाहिए। वहीं, पूर्व एमएलसी लवकुश मिश्रा ने कहा कि बैलेट पेपर से हुए चुनाव ने निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान का संदेश दिया है। अयोध्या के बाद काशी में भी समाजवादी पार्टी को मिली ऐतिहासिक सफलता कार्यकर्ताओं की एकजुटता व राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व पर जनता के भरोसे को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि एमएलसी चुनाव की जीत राजनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसमें स्नातक, शिक्षक और स्थानीय निकायों के प्रतिनिधि अपने मताधिकार का प्रयोग करते हैं। इस जीत से पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा है और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए नई ऊर्जा मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *