करवा चौथ की रात डंपर ने बाइक सवार मजदूरों को रौंदा, एक की मौत

   करवा चौथ की रात डंपर ने बाइक सवार मजदूरों को रौंदा, एक की मौत
– सकूरा-मुसाफा मार्ग पर हादसा, पति का इंतजार कर रही पत्नी को मिली मौत की खबर
– हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश, बकेवर व मुसाफा पुलिस ने संभाला मोर्चा
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। बकेवर थाना क्षेत्र के मुसाफा चौकी अंतर्गत सकूरा-मुसाफा मार्ग पर गुरुवार की रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मुसाफा व मोहद्दीपुर गांव के मध्य करीब पांच सौ मीटर पहले तेज रफ्तार अज्ञात डंपर ने बाइक सवार तीन मजदूरों को जोरदार टक्कर मार दी। इस खौफनाक हादसे में डंपर एक मजदूर को कुचलते हुए करीब दो सौ मीटर तक घसीटते ले गया और मौके से फरार हो गया, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, बाइक पर सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही बकेवर थाना और मुसाफा चौकी का भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।

मृतक की पहचान मोहद्दीपुर (चकपता) निवासी 37 वर्षीय अशोक उर्फ बेटन पुत्र चंद्रपाल पाल के रूप में हुई है। अशोक पेशे से मजदूर था और गुरुवार शाम मुसाफा से अपने साथियों के साथ एक ही बाइक से गांव लौट रहा था। करवा चौथ का त्योहार था और घर पर पत्नियां सज-धज कर अपने पतियों के लौटने का बेसब्री से इंतजार कर रही थीं, लेकिन तभी इस दुखद घटना की खबर पहुंच गई व परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक के परिवार में बिलखती पत्नी विनीता के अलावा तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियां 15 वर्षीय शारदा व 14 वर्षीय अनुराधा और एक 13 वर्षीय बेटा शामिल है। इस हादसे में घायल हुए अन्य दो लोगों की पहचान सुभाष पासवान 34 वर्ष पुत्र भिखारीलाल और शिवराज 24 वर्ष पुत्र धनीराम कुशवाहा के रूप में हुई है, जो अशोक के ही गांव के रहने वाले हैं। घायल सुभाष विवाहित है, जिसकी पत्नी अनीता भी करवा चौथ पर पति की राह देख रही थी, जबकि शिवराज अभी अविवाहित है। चोटहिल युवकों ने बताया कि वे तीनों एक ही बाइक से गांव जा रहे थे, तभी यह अज्ञात डंपर उन पर कहर बनकर टूट पड़ा। करीब 200 मीटर तक घसीटने जैसी अमानवीय घटना व डंपर चालक के फरार होने को लेकर ग्रामीणों में जबरदस्त गुस्सा व आक्रोश व्याप्त है। मौके पर मौजूद बकेवर थाना व मुसाफा चौकी पुलिस ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और आगे की विधिक कार्रवाई में जुट गई है। करवा चौथ के दिन बेकाबू रफ्तार ने एक हंसते-खेलते परिवार का मुखिया छीन लिया, जिसके बाद से पूरे मोहद्दीपुर गांव में मातम व गम का माहौल है।
———————————– ——
   अज्ञात ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, साथी घायल
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। ललौली थाना क्षेत्र के बंधवा-ललौली मार्ग पर अंग्रेजी शराब ठेके के पास गुरुवार देर रात तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को आमने-सामने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में अढावल गांव निवासी आदित्य गुप्ता पुत्र सज्जन गुप्ता की मौत हो गई, जबकि उसका साथी जयकरन गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार आदित्य गुरुवार को ही बाहर से अपने घर आया था। देर रात वह अपने दोस्त जयकरन पुत्र रामकृपाल निषाद निवासी भोलिया डेरा, मजरे कोर्रा कनक के साथ बाइक से ललौली से बंधवा की ओर जा रहा था। दोनों बाबा होटल में खाना खाने जा रहे थे। इसी दौरान बंधवा की ओर से ललौली जा रहे तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने अंग्रेजी शराब ठेके के पास उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आदित्य की रास्ते में ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे परिजन दोनों को एंबुलेंस से गाजीपुर अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने आदित्य को मृत घोषित कर दिया। वहीं जयकरन की गंभीर हालत देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। बाद में परिजनों ने उसे बेहतर उपचार के लिए माया हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। आदित्य की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पिता सज्जन गुप्ता गांव में रहकर गल्ला खरीदने का कारोबार करते हैं। परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं। आदित्य छोटा था। आदित्य की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची ललौली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता सज्जन गुप्ता ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच और आगे की कार्रवाई में जुटी है।
———————————– ——
संदिग्ध हालत में युवक ने लगाई फांसी, मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम गोपालपुर खुराहट में गुरूवार की शाम संदिग्ध परिस्थितियों में 28 वर्षीय युवक ने घर के अंदर फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
जानकारी के अनुसार गोपालपुर खुराहट गांव निवासी पवन कुमार पांडेय के पुत्र त्रिभवन पाण्डेय ने गुरूवार की शाम घर के अंदर गमछे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस में आए मृतक के परिजनों ने बताया कि त्रिभवन कई दिनों से मानसिक तनाव में था, जिसके चलते उसने घटना को अंजाम दे डाला।
——————————— —–
अज्ञात वाहन की चपेट में आकर बाइक सवार तीन घायल
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। हथगाम कस्बे के समीप शुक्रवार की सुबह अज्ञात वाहन की चपेट में आ जाने से बाइक सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जहां एक की हालत गंभीर देख मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव निवासी शिवकरन का 28 वर्षीय पुत्र जितेन्द्र सिंह, हरिलाल का 21 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार, अवधेश का 28 वर्षीय पुत्र मुकेश शुक्रवार की सुबह बाइक से शहर की ओर आ रहे थे, जैसे ही ये लोग कस्बा से कुछ दूर पहुचंे तभी पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दिया, जिससे तीनों घायल हो गए। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची सरकारी एंबुलेंस ने घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां गंभीर हालत देखते हुए चिकित्सक ने जितेन्द्र कुमार को मेडिकल कालेज रेफर कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *