भाजपा को सत्ता से हटाकर 2027 में बनेगी पीडीए सरकार : श्यामलाल

 भाजपा को सत्ता से हटाकर 2027 में बनेगी पीडीए सरकार: श्यामलाल
– सपा प्रदेश अध्यक्ष ने खागा के कार्यकर्ता सम्मेलन में भरी हुंकार
फोटो परिचय- सपा प्रदेश अध्यक्ष को बुके भेंटकर स्वागत करते पूर्व प्रत्याशी।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने सोमवार को खागा विधानसभा क्षेत्र के रक्षपालपुर स्थित एक पैलेस में आयोजित पीडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में अत्याचार बढ़े हैं। किसान, बेरोजगार व महिलाएं परेशान हैं। प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति ठीक नहीं है। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को सत्ता से हटाकर सामाजिक न्याय की पीडीए सरकार बनाएगी। उन्होंने दावा किया कि जिले की सभी छह विधानसभा सीटों पर समाजवादी पार्टी जीत दर्ज करेगी।

सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पीडीए कोई गठबंधन नहीं, बल्कि जनता का जनबंधन है। जनता पीडीए के साथ है और संविधान की रक्षा के लिए भाजपा सरकार को हटाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि किसानों व बेरोजगारों की आवाज उठाने वालों पर लाठियां चलाई जा रही हैं। महिलाओं के साथ हो रहे अपराध भी चिंता का विषय हैं। इन मुद्दों को लेकर सपा सामाजिक न्याय की सरकार बनाने के लिए संघर्ष कर रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि सपा सरकार ने बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए कन्या विद्या धन योजना शुरू की थी।

इसी का परिणाम है कि आज बेटियां शिक्षा के साथ विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं और नौकरियों में आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने इलाहाबाद-झांसी क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव में डॉ. मोहन सिंह की जीत को कार्यकर्ताओं की एकजुटता का परिणाम बताते हुए बधाई दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष अफसर अली ने की। सम्मेलन को सांसद नरेश उत्तम पटेल, सपा जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह यादव, खागा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी रामतीर्थ परमहंस, सिद्धार्थ कोरी, नरेश पासी, रत्नेश रत्ना पासी व संगीता राज पासवान ने भी संबोधित किया। सम्मेलन में पूर्व जिलाध्यक्ष बिपिन सिंह यादव, हीरालाल साहू, नगर अध्यक्ष आजम खान, बीना पटेल, नंद किशोर, मो. आजम खान, अमित मौर्या, अरूणेश पांडेय, चौधरी मंजर यार, कलीम शेख, परवेज आलम सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *