पशु आरोग्य मेले में डेढ़ हजार पशुओं का परीक्षण,पशुओं को लेकर पहुंचे पशुपालक

   पशु आरोग्य मेले में डेढ़ हजार पशुओं का परीक्षण
– छोटे व बड़े पशुओं को लेकर पहुंचे पशुपालक
फोटो परिचय-  गौमाता को गुड़ खिलाते चिकित्सक।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज खागा, फतेहपुर। राजकीय पशु चिकित्सालय खखरेरू द्वारा शिवपुरी न्याय पंचायत के सूदनपुर गांव में आयोजित पशु आरोग्य मेले में डेढ़ हजार पशुओं का परीक्षण किया गया। बुधवार को एक दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु आरोग्य शिविर में ग्राम प्रधान प्रेमचन्द की अध्यक्षता में क्षेत्रीय पशुपालकों ने भारी संख्या में पहुंचकर मेले का लाभ उठाया।
शिविर के दौरान पशु चिकित्सकों व विशेषज्ञों द्वारा कुल 1456 पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जिसमें 312 बड़े पशु व 1144 छोटे पशु शामिल रहे। मवेशियों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए मौके पर ही 16 पशुओं का बंध्याकरण, 24 का गर्भ परीक्षण तथा 6 पशुओं की सामान्य चिकित्सा की गई। पशु पालकों को पशुओं की देखभाल से संबंधित टिप्स दिए गए। पशुपालकों ने बताया कि इस प्रकार के आयोजनों से ग्रामीणांचल में पशुपालन से जुड़े लोगों को अपने मवेशियों की देखरेख व स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के समाधान में बड़ी मदद मिलती है। खखरेरू पशु चिकित्सालय के प्रभारी डॉ. रमेश चंद्र ने बताया कि स्वास्थ्य शिविर के बारे में समीपवर्ती क्षेत्रों के पशुपालकों को पहले ही सूचना दे दी गई थी। जिसके चलते बड़ी संख्या में पशुपालक शिविर में पहुंचे। शिविर में डॉ. रमेश चंद्र व डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने पशुओं की स्वास्थ्य संबंधी जांच की। इस अवसर पर पशुधन प्रसार कार्यकर्ता अमित सिंह, नीर कुमार, धीरू कुमार, सत्यदेव पाल, विजय भान सिंह, राजेश कुमार, रोहित कुमार सहित तमाम स्थानीय ग्रामवासी उपस्थित रहे।
——————————– —–
गुरसंडी में रोजगार मेला तेरह को
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से 13 नवंबर को रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। जिलाधिकारी के निर्देश पर उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत आयोजित यह मेला सुबह 10 बजे से पंडित सूर्यपाल रमाशंकर राममूरत पांडेय निष्पक्ष देव विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, गुरसंडी, खागा में लगेगा।
जिला सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि रोजगार मेले में प्रदेश और जनपद स्तर की 15 से अधिक प्रतिष्ठित निजी कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। कंपनियों की ओर से विभिन्न पदों पर युवाओं का साक्षात्कार लेकर निजी क्षेत्र में सेवायोजन के लिए चयन किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थियों का सेवायोजन विभाग के रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण होना अनिवार्य है। पंजीकरण एवं मेले से संबंधित अन्य जानकारी के लिए अभ्यर्थी जिला सेवायोजन कार्यालय के दूरभाष नंबर 05180-298602 पर संपर्क कर सकते हैं।
————————————– —–
  बंदर के बच्चे की मौत के बाद आक्रामक हुआ झुंड
– राहगीरों पर झपट्टा, महिलाओं व बच्चों को दौड़ाया
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज खागा, फतेहपुर। तहसील क्षेत्र में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। तहसील परिसर के मुख्य गेट के पास दो दिन पहले एक बंदर के बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद बंदरों का झुंड आक्रामक हो गया है। तहसील परिसर से लेकर बस स्टैंड, सब्जी मंडी व मुख्य बाजार तक बंदरों के उत्पात से लोगों में दहशत का माहौल है। हालात यह हैं कि राहगीरों पर झपट्टा मारने और महिलाओं व बच्चों को दौड़ाने की घटनाओं से बाजार में सन्नाटा पसरा हुआ है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक बंदरों का झुंड सुबह से ही तहसील परिसर और आसपास के इलाकों में घूमता रहता है। बंदर दुकानों से सामान उठा ले जाते हैं और छतों पर बैठकर लोगों को डराते हैं। कई बार राह चलते लोगों पर हमला करने की कोशिश करते हैं। दो दिन पहले बंदर के बच्चे की मौत के बाद मादा बंदर समेत पूरा झुंड उसी स्थान के आसपास मंडरा रहा है और वहां से गुजरने वाले लोगों पर झपट्टा मार रहा है। बंदरों के आतंक के चलते दुकानदारों में भी भय बना हुआ है। वहीं स्कूली बच्चों व महिलाओं को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग और तहसील प्रशासन से बंदरों को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो बंदरों के हमले से कोई गंभीर हादसा हो सकता है।
————————————– ——-
 ट्रैक्टर से गिरे मजदूर की दबकर मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। बिंदकी क्षेत्र के हसनापुर गांव के समीप बुधवार की रात को ट्रैक्टर अनियंत्रित हो जाने से उसमे बैठा मजदूर अनुज पासवान 27 वर्ष पुत्र राम भरोसे पासवान निवासी ग्राम खाड़े देवर कोतवाली बिंदकी ट्रैक्टर से गिरकर ट्राली के पहिए के नीचे आ गया और उसकी दर्दनाक मौत हो गई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिंदकी के चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जाता है कि मृतक अनुज पासवान मजदूरी का काम करता था। वह कोतवाली बिंदकी क्षेत्र के हसनपुर गांव निवासी बड़कू बाजपेई के ट्रैक्टर में बैठकर अपने साथियों के साथ जोनिहां की तरफ जा रहा था। तभी अचानक कोतवाली बिंदकी क्षेत्र के शहबाजपुर गांव के समीप ट्रैक्टर एक बोलेरो गाड़ी से टकरा गया। बोलोरो गाड़ी एक साइड में क्षतिग्रस्त हो गई। जिसके डर के कारण ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर को भगाकर जोनिहा चौराहे होते हुए हसनापुर गांव की ओर भागने लगा। पीछे से बोलेरो चालक ट्रैक्टर का पीछा कर रहा था। हसनापुर के पास ट्रैक्टर अनियंत्रित हो जाने से उसे पर बैठा अनुज पासवान नीचे गिरकर ट्राली के पहिए के नीचे आ गया और उसकी मौत हो गई। जीवित रहने की आशा पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिंदकी ले जाया गया जहां पर चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। बताया जाता है कि मृतक अनुज पासवान मजदूरी का काम करता था। वह तीन भाई थे जिसमें बड़ा महेश उसके बाद विपिन तथा सबसे छोटा मृतक अनुज पासवान था। मृतक की चार बहने हैं। जानकारी मिलने पर मां ननकी देवी तथा अन्य परिजन रो-रो कर बेहाल हो रहे थे।
————————————- ——
ससुराल आए अधेड़ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। जहानाबाद कस्बा ससुराल आए 45 वर्षीय अधेड़ की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गयी। जानकारी के अनुसार कानपुर नगर के थाना महराजपुर गांव महू निवासी रामलाल का पुत्र विद्यासागर अपनी ससुराल जहानाबाद कस्बा आया था। तभी अचानक उसकी तबियत बिगड गयी। उपचार के लिए सीएचसी लाते समय रास्ते में मौत हो गयी। सूचना पाकर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिर्पाेट के बाद ही मौत का कारण ज्ञात हो सकेगा।
———————————- ——–
वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो घायल
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। कानपुर नगर के थाना चकेरी के समीप एनएच-2 में बुधवार की शाम अज्ञात वाहन की चपेट में आ जाने से दो लोग घालय हो गये। जिन्हे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार मलवां थाना क्षेत्र के कुटिया गांव निवासी प्रहलाद का 55 वर्षीय पुत्र बीरेन्द्र सिंह अपने रिश्तेदार पंकज पुत्र धनपत निवासी डीघ थाना बिन्दकी के साथ बाइक से कानपुर जा रहा था। तभी चकेरी के समीप एनएच 2 में अज्ञात वाहन की टक्कर लग जाने से दोनों घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने घालयों को उपचार के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया।
——————————- ——-
अधेड़ ने किया जान देने का प्रयास
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। थाना हथगाम कस्बा में गुरूवार की दोपहर पत्नी से लडने के बाद 47 वर्षीय अधेड़ ने जहर खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। जिसे उपचार के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार हथगाम कस्बा निवासी नन्द लाल का पुत्र राजेश कुमार का दोपहर पत्नी से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गयी जिससे क्षुब्ध होकर उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगडने पर परिजनो ने उसे तत्काल सरकारी एम्बुलेंस द्वारा उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *