धनतेरस पर्व आज, बर्तन व इलेक्ट्रानिक बाजार सजकर तैयार

    धनतेरस पर्व आज, बर्तन व इलेक्ट्रानिक बाजार सजकर तैयार
– भगवान धन्वंतरि की विधि-विधान से होगी पूजा-अर्चना
– ग्राहकों के स्वागत को तैयार व्यापारी, सुरक्षा में पुलिस बल मुस्तैद
फोटो परिचय-  धनतेरस पर्व को लेकर सजे बर्तन बाजार का दृश्य।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। धनतेरस का पर्व जिले में कल (आज) हर्षाेल्लास व धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। पर्व को लेकर शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। धनतेरस के अवसर पर भगवान धन्वंतरि की विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना की जाएगी। वहीं परंपरा के अनुसार बर्तन, सोना-चांदी सहित अन्य शुभ वस्तुओं की खरीदारी को लेकर बाजारों में विशेष रौनक रहने की उम्मीद है।

धनतेरस पर्व को देखते हुए शहर के प्रमुख बाजारों में दुकानदारों ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। शहर क्षेत्र के चौक, ठठराही, वर्मा चौराहा, पीलू तले चौराहा, देवीगंज सहित प्रमुख बाजारों में बर्तन व इलेक्ट्रानिक व्यापारियों ने अपनी-अपनी दुकानों को आकर्षक ढंग से सजाया है। दुकानों पर पीतल, तांबा, स्टील, कांसा व अन्य धातुओं के बर्तनों की आकर्षक श्रृंखला सजाई गई है। दुकानों की सजावट देखकर बाजार का माहौल पूरी तरह त्योहारमय हो गया है। व्यापारी ग्राहकों के स्वागत के लिए तैयार हैं और उन्हें अब खरीदारी के लिए बाजार पहुंचने का इंतजार है। धनतेरस पर खरीदारी को शुभ माना जाता है। इसी मान्यता के चलते लोग अपनी सामर्थ्य के अनुसार बर्तन, आभूषण, इलेक्ट्रॉनिक सामान और घरेलू उपयोग की अन्य वस्तुओं की खरीदारी करते हैं। पर्व को लेकर बाजारों में ग्राहकों की संभावित भीड़ को देखते हुए व्यापारियों ने पहले से ही पर्याप्त तैयारियां कर रखी हैं।

वहीं पूजा-पाठ से संबंधित सामग्री की दुकानें भी बाजारों में सज गई हैं। दीपावली पूजन के लिए मिट्टी के दीपक, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां, खील-बताशे, धूप, अगरबत्ती, रोली, कलावा और अन्य पूजन सामग्री की बिक्री के लिए दुकानें लगाई गई हैं। उधर, धनतेरस व दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में पर्व को लेकर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है। शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिसकर्मी बाजारों में लगातार निगरानी रखेंगे, जिससे खरीदारी करने आने वाले ग्राहकों और व्यापारियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

पुलिस प्रशासन की ओर से भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। त्योहार के दौरान बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस बल को मुस्तैद रहने को कहा गया है। कुल मिलाकर धनतेरस पर्व को लेकर जिले में उत्साह का माहौल है। बाजार सज चुके हैं, व्यापारी ग्राहकों के इंतजार में हैं और पुलिस प्रशासन भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *