प्रगणकों को धैर्य व जिम्मेदारी से कार्य करने की दी सीख, किया औचक निरीक्षण
प्रगणकों को धैर्य व जिम्मेदारी से कार्य करने की दी सीख, किया औचक निरीक्षण
डीएम ने जनगणना प्रशिक्षण का किया औचक निरीक्षण
– प्रगणकों को धैर्य व जिम्मेदारी से कार्य करने की दी सीख
फोटो परिचय- जनगणना प्रशिक्षण का निरीक्षण करतीं डीएम निधि गुप्ता वत्स। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को पारदर्शी, व्यवस्थित व समयबद्ध तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
गुरुवार को जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने खागा स्थित रानी चन्द्रप्रभा डिग्री कॉलेज में चल रहे जनगणना प्रशिक्षण कार्यक्रम का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षण सत्र में पहुंचकर प्रशिक्षकों द्वारा दी जा रही जानकारी सुनी व प्रशिक्षण की प्रक्रिया का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसमें प्रत्येक कार्मिक की जिम्मेदारी है कि प्रशिक्षण में दी जा रही जानकारी और निर्धारित दिशा-निर्देशों को गंभीरता से समझे, ताकि वास्तविक कार्य के दौरान किसी प्रकार की त्रुटि न हो। उन्होंने कहा कि जनगणना की प्रक्रिया और कार्यप्रणाली को भली-भांति समझना जरूरी है। डीएम ने कहा कि प्रगणक का सबसे बड़ा हुनर धैर्य के साथ हर व्यक्ति की बात सुनना और अपनी जिम्मेदारी पूरी करना है। इसलिए सभी प्रगणक संयम, गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रशिक्षण व्यवस्थित ढंग से संचालित किया जाए और प्रशिक्षणार्थियों की शंकाओं का समाधान कर उन्हें आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाए। इस दौरान उपजिलाधिकारी खागा सहित संबंधित अधिकारी, प्रशिक्षक एवं प्रशिक्षणार्थी मौजूद रहे।