महंगाई के बावजूद जमकर हुई आतिशबाजी की खरीदारी

   दीपावली पर पटाखा मंडियों में उमड़े खरीदार
– महंगाई के बावजूद जमकर हुई आतिशबाजी की खरीदारी
फोटो परिचय- शांतीनगर पटाखा मंडी में खरीदारी करते लोग।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। दीपावली पर्व को लेकर शहर में तीन दिन पहले से ही पटाखों की खरीदारी का सिलसिला शुरू हो गया। इस बार प्रशासन की ओर से शहर में दो स्थानों पर पटाखा मंडियां लगवाई गईं। शांतीनगर स्थित एमजी कॉलेज मैदान व राधानगर क्षेत्र के मोदी मैदान में सजी पटाखा मंडियों में पिछले दो दिनों से खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ रही है। लोगों ने रंग-बिरंगी फुलझड़ियों, अनार, चकरी और तेज आवाज वाले पटाखों की जमकर खरीदारी की। महंगाई के बावजूद लोगों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखाई दी।

पिछली दीपावली पर एमजी कॉलेज मैदान में पटाखा मंडी में आग लगने से बड़ा हादसा हो गया था। इसे देखते हुए इस बार प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स व पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक लगातार सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रहे। वहीं, अग्निशमन विभाग की टीम ने भी दोनों पटाखा मंडियों में लगातार निगरानी करते हुए सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। एमजी कॉलेज मैदान में भाजपा नेता नितिन सिंह भी खरीदारी के लिए आने वाले लोगों की सहायता व व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करते नजर आए, ताकि किसी भी व्यक्ति को परेशानी का सामना न करना पड़े। कुल मिलाकर इस बार प्रशासन की सतर्कता और सुरक्षा इंतजामों के बीच पटाखा मंडियों में दीपावली की रौनक देखने को मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *