वीडियो वायरल होने पर कानून हाथ में लेने वालों की पहचान में जुटी पुलिस
वीडियो वायरल होने पर कानून हाथ में लेने वालों की पहचान में जुटी पुलिस
मोबाइल चोरी के शक में युवक को सरेराह पीटा
– वीडियो वायरल होने पर कानून हाथ में लेने वालों की पहचान में जुटी पुलिस
फोटो परिचय- सरेराह युवक की पिटाई करते लोग। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। मोबाइल चोरी का महज शक किसी को सरेराह सजा देने का अधिकार नहीं देता, लेकिन खागा कस्बे में भीड़ ने कानून को ताक पर रखकर एक युवक की जमकर पिटाई कर दी। मुख्य चौराहे पर युवक को घेरकर की गई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दिनदहाड़े हुई इस घटना ने भीड़ के हाथों कानून व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक वायरल वीडियो खागा कस्बे के मुख्य चौराहे का बताया जा रहा है। वीडियो में कुछ लोग एक युवक को घेरकर उसके साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। युवक पर मोबाइल चोरी करने का संदेह जताया जा रहा है। इसी शक के आधार पर लोगों ने उसे पकड़ लिया और पूछताछ या पुलिस के हवाले करने के बजाय खुद ही कानून हाथ में लेते हुए उसकी पिटाई शुरू कर दी।
घटना के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इसी बीच किसी व्यक्ति ने मारपीट का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस भी मामले को लेकर सक्रिय हो गई है। बताया जा रहा है कि खागा कोतवाली पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर मारपीट में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही घटना की वास्तविक वजह और युवक पर लगाए गए मोबाइल चोरी के आरोपों की भी पड़ताल की जा रही है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि युवक पर चोरी का संदेह था तो उसे पुलिस के हवाले करने के बजाय भीड़ को सरेराह पीटने का अधिकार किसने दिया? फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।