पिकअप की टक्कर से घायल बाइक सवार युवक की मौत, रो-रो कर बेहाल

     पिकअप की टक्कर से घायल बाइक सवार युवक की मौत
– परिजनों में मचा हड़कंप, रो-रो कर बेहाल
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज बिंदकी, फतेहपुर। तेज रफ्तार अनियंत्रित पिकअप गाड़ी की टक्कर से बाइक सवार गंभीर घायल हो गया। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिंदकी से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। जहां से हैलट अस्पताल कानपुर रेफर किया गया। घायल को कानपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी मौत हो गई। रविवार को दिन में शव गांव आया।

जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत फिरोजपुर मोड़ के समीप शनिवार की रात को तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी की टक्कर से बाइक सवार नीरज 35 वर्ष पुत्र रामराज निवासी ग्राम रारी खुर्द कोतवाली बिंदकी गंभीर घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा। घायल को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिंदकी में भर्ती कराया गया। चिकित्सक ने हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार बाद मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में प्राथमिक उपचार बाद शनिवार की रात को हैलट अस्पताल कानपुर रेफर कर दिया गया। वहां हालत में सुधार नहीं हुआ तो परिजन एक निजी अस्पताल में ले गए। इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। रविवार की शाम को शव गांव में मृतक के घर के बाहर रखा हुआ था। परिजन रो रो कर बेहाल रहे।



    मिशन शक्ति: अलग-अलग स्थानां पर हुए बहू-बेटी सम्मेलन
– महिलाओं को अधिकारों व सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
फोटो परिचय- (10) महिलाओं को अधिकारों की जानकारी देती मिशन शक्ति टीम।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तिकरण के उद्देश्य से संचालित मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत रविवार को जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर बहू-बेटी सम्मेलनों का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में आयोजित इन कार्यक्रमों में महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, कानूनी प्रावधानों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक किया गया।

सभी थानों की मिशन शक्ति टीमों, महिला पुलिसकर्मियों और एंटी रोमियो टीमों ने गांवों एवं कस्बों में चौपाल और संवाद कार्यक्रम आयोजित किए। इनमें परित्यक्ता, विधवा, तलाकशुदा, निराश्रित, कामकाजी महिलाओं व बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध और सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक करते हुए उनसे बचाव के उपाय बताए गए। महिलाओं को आपातकालीन सहायता के लिए डायल-112, महिला हेल्पलाइन-181, वूमेन पावर लाइन-1090, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098 और साइबर हेल्पलाइन-1930 सहित अन्य जरूरी नंबरों की जानकारी दी गई। इसके अलावा निराश्रित महिला पेंशन, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना और मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के बारे में भी विस्तार से बताया गया। सम्मेलनों में नए आपराधिक कानूनों भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी देते हुए पीड़ित केंद्रित न्याय व्यवस्था के बारे में समझाया गया। महिलाओं को पारिवारिक परामर्श और निःशुल्क विधिक सहायता के बारे में भी अवगत कराया गया। इस दौरान जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित कर महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और किसी भी उत्पीड़न की स्थिति में बिना डर पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *