पिछले दस वर्षों के प्रयासों से मजबूत हुई भारत की ऊर्जा सुरक्षा, कर्नाटक में 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की सौगात

बेंगलुरु। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि पिछले एक दशक में ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए उठाए गए कदमों से रत को पश्चिम एशिया में जारी युद्ध से पैदा हुई चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना करने में मदद मिली है।

प्रधानमंत्री ने पिछले वर्षों में ऊर्जा क्षेत्र में हुई प्रगति का भी उल्लेख किया। बेंगलुरु और मैसूरु में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान उन्होंने कर्नाटक में रेलवे और ऊर्जा सहित विभिन्न क्षेत्रों की 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।

बेंगलुरु में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि ईरान और उसके आसपास के क्षेत्रों के साथ-साथ खाड़ी देशों में जारी युद्ध ने ऊर्जा सुरक्षा के महत्व को स्पष्ट किया है। यह भारत के लिए भी चुनौतीपूर्ण समय रहा है। हालांकि, पिछले दशक में ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए उठाए गए कदमों की वजह से देश इस संकट का मजबूती से सामना कर सका है।

उन्होंने बताया कि इन प्रयासों में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी के घरेलू उत्पादन की क्षमता बढ़ाना, कच्चे तेल के भंडारण की सुविधाएं विकसित करना, नवीकरणीय ऊर्जा का विस्तार करना, रेलवे का लगभग 100 प्रतिशत विद्युतीकरण करना और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत बनाना शामिल है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि शुक्रवार को कर्नाटक में जिन तीन परियोजनाओं का उद्घाटन और शुभारंभ किया गया है, वे भी देश की ऊर्जा सुरक्षा को नई मजबूती प्रदान करेंगी। इनमें मेंगलुरु की एलपीजी भंडारण परियोजना शामिल है, जिससे देश की भंडारण क्षमता में 80,000 मीट्रिक टन की वृद्धि होगी।

बेंगलुरु के देवांगोंथी मार्केटिंग टर्मिनल से पेट्रोल, डीजल और विमानन ईंधन की आपूर्ति अधिक व्यवस्थित और भरोसेमंद होगी। वहीं, एक कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट से प्रतिदिन लगभग 13 टन गैस का उत्पादन किया जाएगा।

मोदी ने बताया कि भारत की नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन क्षमता 300 गीगावाट से अधिक हो चुकी है। पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत देश में 60 लाख से अधिक परिवार अपने घरों की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित कर चुके हैं। इनमें कर्नाटक के भी 40,000 से अधिक परिवार शामिल हैं।

पीएम-कुसुम योजना के तहत कर्नाटक में किसानों को सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आठ लाख से अधिक सौर पंप लगाए गए हैं।

मेट्रो के एलिवेटेड खंड का किया उद्घाटन

प्रधानमंत्री मोदी ने बेंगलुरु में लगभग 3,470 करोड़ रुपये की लागत से तैयार नम्मा मेट्रो की पिंक लाइन के कलेना अग्रहार और तवरेकेरे के बीच 7.5 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड खंड का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री शिवकुमार, राज्यपाल सुधा यादव और अन्य लोगों के साथ मेट्रो में सफर भी किया।

उन्होंने बेंगलुरु से मेंगलुरु होते हुए गोवा के मडगांव तक जाने वाली वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इसके अतिरिक्त अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत राज्य के चामराजनगर, चिक्कमंगलुरु, सकलेशपुर और सुब्रह्मण्य रोड रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास कार्यों का भी उद्घाटन किया।

देश का पहला एलईडी तारामंडल राष्ट्र को समर्पित

प्रधानमंत्री ने मैसूरु स्थित विश्वविद्यालय परिसर में देश का पहला एलईडी डोम तारामंडल (प्लेनेटेरियम) राष्ट्र को समर्पित किया।

इसके अलावा उन्होंने बेंगलुरु में स्वामी विवेकानंद योग अनुसंधान संस्थान (एस-व्यास) की ओर से संचालित योग एवं अनुसंधान केंद्र प्रशांति कुटीरम के स्वर्ण जयंती समारोह को भी संबोधित किया।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि योग को लोकप्रिय बनाने के लिए देश में किए गए प्रयासों के परिणामस्वरूप पिछले एक दशक में इसे दुनियाभर में पहचान मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *