अजमेर में एक ही परिवार के पांच संदिग्ध बांग्लादेशी पकड़े गए, देश से निष्कासन की कार्रवाई होगी तेज

जयपुर। अजमेर में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान के लिए पिछले एक साल से अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत शुक्रवार को एक ही परिवार के पांच संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा गया है। अब उच्च स्तरीय माध्यम से उन्हें देश से निष्कासित करने की कार्रवाई की जाएगी।

अजमेर जिले के पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाल ने बताया कि विशेष टीम ने दरगाह क्षेत्र में कई स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान दरगाह बाजार, जालियां कब्रिस्तान, अंदरकोट, नई सड़क, तारागढ़ पहाड़ी, सिलावट मोहल्ला, बड़े पीर का चिल्ला, लंगरखाना गली, चश्मा-ए-नूर, त्रिपोलिया गेट, सोहले खंभा, झालरा और लाखन कोटड़ी में जांच की गई।

कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने 63 वर्षीय माजिद अली का पता लगाया। वह बांग्लादेश के ढाका जिले के मोहम्मदपुर स्थित जोहरी मोहल्ले का निवासी है। उसके साथ उसकी पत्नी फरजान खान, दो बेटे और एक बेटी भी मिले। इस तरह एक ही परिवार के पांच संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा गया।

पुलिस के अनुसार, यह परिवार वर्ष 2007 में अवैध रूप से सीमा पार करके दिल्ली पहुंचा था। इसके बाद वर्ष 2009 में अजमेर दरगाह में जियारत करने आया और फिर यहीं अवैध रूप से रहने लगा। अब परिवार के सदस्यों को देश से निष्कासित करने के लिए उच्च स्तरीय माध्यम से कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *