लक्ष्य तय कर रुचि के अनुसार चुनें कैरियर और मेहनत से हासिल करें मुकाम

  कैरियर मेले में विशेषज्ञों ने बताए रोजगार के नए रास्ते
– लक्ष्य तय कर रुचि के अनुसार चुनें कैरियर और मेहनत से हासिल करें मुकाम
फोटो परिचय- कैरियर मेले में मंचासीन अतिथि।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज में शनिवार को कैरियर गाइडेंस मेले का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, कौशल विकास, स्वरोजगार व रोजगार के नए अवसरों की जानकारी देकर उज्जवल भविष्य निर्माण का मार्गदर्शन दिया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य सुनील सिंह ने की।

मुख्य अतिथि बैंक ऑफ बड़ौदा के शाखा प्रबंधक दिग्विजय सिंह, रेडक्रास चेयरमैन एवं समाजसेवी डॉ. अनुराग श्रीवास्तव, एडवोकेट संदीप कुमार साहू ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता के लिए समय पर सही करियर का चुनाव, स्पष्ट लक्ष्य और निरंतर परिश्रम जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उनकी रुचि एवं योग्यता के अनुरूप करियर चुनने के लिए प्रेरित किया। साथ ही नई तकनीकों और उभरते रोजगार क्षेत्रों की संभावनाओं से भी रूबरू कराया। कार्यक्रम का संचालन सहायक अध्यापक धनराज हिंदी एवं डॉ. मो. शाहिद खान उर्दू ने किया। अंत में प्रधानाचार्य सुनील सिंह ने अतिथियों का आभार जताया। मेले में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *