किसी विदेशी ने पहले ही राहुल गांधी को कर रखा है हैक, फोन टैपिंग के आरोपों पर भाजपा का पलटवार

नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर फोन टैप कराने के आरोप लगाए जाने के बाद भाजपा नेताओं ने पलटवार किया है। भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी के दावों पर सवाल उठाते हुए पूछा कि यदि उन्हें लगता है कि उनका फोन टैप किया जा रहा है, तो उन्होंने जांच के लिए अपना फोन संबंधित एजेंसियों को क्यों नहीं सौंपा।

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि किसी विदेशी ने पहले ही राहुल गांधी को हैक कर रखा है। ऐसे में उनका फोन हैक करने की किसी को जरूरत नहीं है।

केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जो कहते हैं और जो करते हैं, उनमें काफी अंतर रहता है। उन्हें बिना किसी सबूत के ऐसे बेबुनियाद आरोप नहीं लगाने चाहिए।

भाजपा प्रवक्ता आरपी सिंह ने भी राहुल गांधी के दावों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी खबरों में बने रहने के लिए झूठे दावे करते हैं और हर दिन एक नया आरोप लेकर आते हैं। यदि उनका फोन टैप हो रहा है तो उन्हें नजदीकी थाने जाकर अपना फोन जांच के लिए जमा कर देना चाहिए। इससे पूरी सच्चाई सामने आ जाएगी।

केरलम भाजपा अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने भी राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को अपने दिमाग की जांच करानी चाहिए। किसी को उनके फोन की टैपिंग कराने में कोई दिलचस्पी नहीं है। यदि किसी को दिलचस्पी है तो सिर्फ यह समझने में कि उनका दिमाग दिन-रात झूठ पर ही क्यों चलता है।

भाजपा महासचिव विनोद तावड़े ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि राहुल गांधी जिस चर्चा की बात कर रहे हैं, वह सड़क पर नहीं होती। प्रधानमंत्री और नेता प्रतिपक्ष के बीच चर्चा संसद में होनी चाहिए। जनप्रतिनिधियों के बीच संसद में होने वाले तर्क-वितर्क से संविधान की गरिमा बनी रहती है। उन्होंने राहुल गांधी से सड़क छाप राजनीति बंद कर संसद में प्रधानमंत्री के साथ चर्चा करने की बात कही।

भारतीय जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष हेमांग जोशी ने भी राहुल गांधी की आलोचना करते हुए कहा कि उन्हें पता है कि राहुल गांधी के पास कितने फोन हैं और उन फोन पर किस देश में कौन बैठकर बात कर रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि राहुल गांधी ऐसी राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में क्यों शामिल होते हैं, जिनकी वजह से उन्हें अपना फोन टैप किए जाने का डर सता रहा है।

राहुल गांधी आदतन झूठ बोलते हैं : तुहिन सिन्हा

भाजपा प्रवक्ता तुहिन सिन्हा ने राहुल गांधी पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह आदतन झूठ बोलते हैं। वह हर दिन कोई नया झूठ या मनगढ़ंत बात फैलाए बिना नहीं रह सकते। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी आरोप लगाओ और भाग जाओ की राजनीति में विश्वास रखते हैं।

तुहिन सिन्हा ने आगे कहा कि राहुल गांधी कुछ दिनों के अंतराल पर नए आरोप लगाते हैं, लेकिन उन्हें साबित करने की परवाह नहीं करते। पिछले महीने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात के दौरान भी उन्होंने वोट चोरी के समर्थन में कोई सबूत पेश नहीं किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *