बच्चों ने लगाए फूड स्टॉल, गेम जोन व झूलों का उठाया लुत्फ

   बाल दिवस पर द ओक पब्लिक स्कूल में सजा बाल मेला
– बच्चों ने लगाए फूड स्टॉल, गेम जोन व झूलों का उठाया लुत्फ
फोटो परिचय- कार्यक्रम में भाग लेते बच्चे।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। बाल दिवस पर द ओक पब्लिक स्कूल में शनिवार को भव्य बाल मेले का आयोजन बड़े ही हर्षाेल्लास और उत्साह के साथ किया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। स्कूल परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया, वहीं मेले में बच्चों के मनोरंजन के लिए विभिन्न प्रकार के खान-पान के स्टॉल, गेम जोन और आकर्षक झूलों की व्यवस्था की गई।

बाल मेले की खास बात यह रही कि इसमें बच्चों ने स्वयं विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों के फूड स्टॉल लगाए और पूरे उत्साह के साथ उनका संचालन किया। बच्चों ने अपने स्टॉल पर खान-पान की अलग-अलग वस्तुएं प्रस्तुत कीं तथा खरीद-बिक्री के माध्यम से व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया। मेले में पहुंचे बच्चों ने विभिन्न व्यंजनों का स्वाद चखने के साथ ही मनोरंजक खेलों और झूलों का जमकर आनंद उठाया। इस दौरान विद्यालय परिसर में बच्चों की चहल-पहल और उत्साह देखते ही बन रहा था। बाल मेले के माध्यम से विद्यार्थियों को मनोरंजन के साथ-साथ आत्मनिर्भरता, आत्मविश्वास, रचनात्मकता, आपसी सहयोग और व्यवहारिक कौशल विकसित करने का अवसर मिला। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा और हुनर का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक रोहिताभ सोलंकी एवं प्रधानाचार्या करिश्मा सिंह सहित समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन ने आयोजन को सफल बनाने में बच्चों व शिक्षकों के उत्साहपूर्ण योगदान की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *