कुएं में गिरकर अधेड़ की मौत, परिजनों ने थाने पर काटा हंगामा,परिजनों ने दी तहरीर

  कुएं में गिरकर अधेड़ की मौत, परिजनों ने थाने पर काटा हंगामा
– एसपी बोले- अंधेरे में कुएं में गिरने से मौत, परिजनों ने खुद दी तहरीर
फोटो परिचय- थाने के सामने हंगामा करते परिजन।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। जाफरगंज के पारंपरिक मेले के कुएं में गिरकर 50 वर्षीय अधेड़ की मौत के बाद शनिवार सुबह मामला गरमा गया। मृतक के परिजन और कुछ ग्रामीण शव लेकर थाने पहुंच गए। पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि मेले में पुलिस के पहुंचने से भगदड़ मची और इसी दौरान पुलिस कर्मियों के खदेड़ने पर युवक कुएं में गिरकर घायल हो गया, जिसकी बाद में मौत हो गई। हालांकि, पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए स्पष्ट किया कि प्रारंभिक जांच व परिजनों की तहरीर में पुलिस द्वारा खदेड़ने जैसी कोई बात सामने नहीं आई है। मृतक की पहचान जाफरगंज थाना क्षेत्र के भरतपुर गांव निवासी नरेंद्र कुशवाहा (50) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात जाफरगंज कस्बे में पारंपरिक मेला लगा था। इसी दौरान नरेंद्र कुशवाहा कुएं में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके हाथ-पैर और कमर में चोटें आई थीं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। शनिवार सुबह परिजन शव लेकर जाफरगंज थाने पहुंच गए। उनके साथ कस्बे के कुछ लोग भी मौजूद रहे। इस दौरान पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की गई। देखते ही देखते थाने के बाहर लोगों की भीड़ जुट गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। उधर, पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर उच्चाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की थी।

अपर पुलिस अधीक्षक ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर पूरे मामले की जानकारी ली। जांच में पुलिस के आने से भगदड़ मचने या किसी पुलिस कर्मी द्वारा नरेंद्र को खदेड़ने की बात सामने नहीं आई है। एसपी के मुताबिक, परिजनों से बातचीत में भी उन्होंने ऐसी किसी घटना से इनकार किया है। परिजनों की ओर से थाने में दी गई तहरीर में स्पष्ट किया गया है कि नरेंद्र कुशवाहा अंधेरे के कारण कुएं में गिर गए थे। एसपी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है। उन्होंने यह भी कहा कि पीड़ित परिवार को दैवीय आपदा के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता व अन्य सरकारी मदद के संबंध में जानकारी दे दी गई है। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराकर नियमानुसार जल्द आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले में परिजनों की तहरीर और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *